रिया सरकार बनी देश की पहली ट्रांसजेंडर पीठासीन अधिकारी
रिया सरकार देश की पहली ट्रांसजेंडर पीठासीन अधिकारी बन गई जिन्होंने रास बिहारी विधानसभा क्षेत्र के एक मतदान केन्द्र सफलतापूर्वक संचालन किया।
कोलकाता, [विशाल श्रेष्ठ] : पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पांचवें चरण का मतदान नया इतिहास रच गया। रिया सरकार देश की पहली ट्रांसजेंडर पीठासीन अधिकारी बन गई। उन्होंने शनिवार को रासबिहारी विधानसभा क्षेत्र के कलकत्ता इंटरनेशनल हाई स्कूल में स्थित मतदान केंद्र का सफलतापूर्वक संचालन किया।
रिया सरकार पेशे से स्कूल अध्यापिका हैं। उनकी इस उपलब्धि पर ट्रांसजेंडर समुदाय ने गर्व जताया है। तीसरे लिंग के कल्याण के लिए काम करने वाली संस्था आनंदम की सचिव शिंटू बागुई ने कहा, 'भारत के इतिहास में आज का दिन ऐतिहासिक है। पहली बार हमारे समुदाय से किसी ने पीठासीन अधिकारी के तौर पर सफलतापूर्वक मतदान प्रक्रिया का संचालन किया। यह हमारे लिए बेहद गर्व की बात है। मैं इसके लिए हमारे समुदाय की ओर से चुनाव आयोग को तहे दिल से धन्यवाद देती हूं।'
शिंटू ने कहा कि आज हमने एक मतदान केंद्र का संचालन किया है, आने वाले वर्षों में होने वाले चुनावों में 100 बूथों को संभालेंगे। हुगली जिले की रहने वाली शिंटू ने चांपदानी विधानसभा सीट के सेवड़ाफुली स्थित विभाष चंद्र दां उच्च बालिका विद्यालय जाकर अपने मताधिकार का भी प्रयोग किया।