चीन के साथ संबंध मजबूत करने का सही समय: प्रणब मुखर्जी
राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने आज इंडिया-चाइना बिजनेस फोरम को संबोधित किया। इस दौरान राष्ट्रपति ने कहा कि भारत के लिए चीन के साथ संबंध मजबूत करने और हाथ मिलाने का ये सही समय है।
ग्वांगझू, (एएनआई)। चार दिवसीय दौरे पर मंगलवार को चीन पहुंचे राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने आज इंडिया-चाइना बिजनेस फोरम को संबोधित किया। इस दौरान राष्ट्रपति ने कहा कि भारत के लिए चीन के साथ संबंध मजबूत करने और हाथ मिलाने का ये सही समय है। उन्होंने कहा कि चीन की आर्थिक उपलब्धियां हमारे लिए प्रेरणा का स्रोत है। भारत अपने उत्पादों के लिए चीन में बड़े मार्केट की संभावना देखता है। उन्होंने कहा कि भारतीय अर्थव्यवस्था के प्रमुख क्षेत्रों में व्यापक सुधारों से व्यापार करना आसान हुआ है।
भारत को विश्वास है कि दोनों देशों के बीच अर्थव्यवस्था और वाणिज्यिक सहयोग में काफी क्षमता है। हम चीन को भारत में निवेश के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
भारत पर निर्भर है एशियाई सदी
इससे पहले मंगलवार को चीन पहुंचे राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने कहा कि 'एशियाई सदी' मुख्यत: भारत पर निर्भर है। भारत और चीन विश्व में सबसे बड़े विकासशील देश हैं। उन्होंने कहा कि भारत का मुख्य सिद्धांत चीन के साथ समझौते के क्षेत्र बढ़ाना और मतभेदों को कम करना है।
मंगलवार को उन्होंने चीन में भारतीय राजदूत विजय गोखले के आयोजित भोज में भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए कहा कि भारत और चीन के बीच विभिन्न बहुआयामी मंचों जैसे संयुक्त राष्ट्र, विश्व बैंक, विश्व मुद्रा कोष (आइएमएफ), ब्रिक्स में सहयोग बढ़ रहा है।
चीन पहुंचे राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी, कहा- भारत पर निर्भर है एशियाई सदी