भारतीयों के लिए बड़ी राहत, एच-1बी वीजा के लिए ये प्रक्रिया फिर शुरू
औसतन एच-1बी वीजा को मंजूरी मिलने में तीन से छह महीने का समय लगता है। मगर इस प्रक्रिया के जरिए बहुत कम समय लगता है।
वाशिंगटन, पीटीआई। अमेरिका ने भारतीय सॉफ्टवेयर पेशेवरों के बीच लोकप्रिय एच-1बी वीजा प्रक्रिया में तेजी लाने की घोषणा की है। उच्च कुशलता प्राप्त विदेशी पेशेवरों को दिए जाने वाले इस वीजा की कुछ श्रेणियों को अमेरिकी संसद द्वारा तय की गई सीमा से बाहर रखा गया है। ट्रंप प्रशासन के एक बयान में कहा गया है, 'अमेरिकी नागरिकता और आव्रजन सेवा (यूएससीआइएस) तत्काल प्रभाव से कुछ छूट वाली एच1-बी अर्जियों के लिए प्रीमियम प्रक्रिया को फिर शुरू कर देगा।'
एच-1-बी वीजा एक गैर-प्रवासी वीजा है, जिसके तहत अमेरिकी कंपनियों को विशेष व्यवसायों के लिए विदेशी कर्मचारियों को रखने की अनुमति मिलती है। इनमें ऐसी नौकरियां शामिल होती हैं, जहां सैद्धांतिक या तकनीकी विशेषज्ञता की आवश्यकता होती है। तकनीकी कंपनियां हर साल ऐसे हजारों कर्मचारियों की भर्ती के लिए इस वीजा पर निर्भर रहती हैं।
एच-1बी वीजा के तहत एक वित्त वर्ष में अधिकतम 60,000 वीजा जारी हो सकते हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने चुनाव प्रचार के दौरान एच-1बी और एल-1 वीजा कार्यक्रमों पर निगरानी बढ़ाने का वादा किया था। उन्होंने अप्रैल में वीजा दुरुपयोग रोकने के नियमों को कड़े करने के लिए एक शासकीय आदेश पर हस्ताक्षर किया था। ट्रंप ने कहा था कि उनका प्रशासन अमेरिकी लोगों को ही नौकरी पर रखने के मकसद से 'हायर अमेरिकन' नियम लागू करने जा रहा है। यह अमेरिका में कामगारों के वेतन और रोजगार के हितों की सुरक्षा करेगा।
यह भी पढ़ें: स्कॉटलैंड में बन रहा दुनिया का पहला पवन चक्की का फार्म