पुष्कर के बगावती सुर, कहा-केजरीवाल को 'महानायक' बनाना बड़ी भूल
आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक पंकज पुष्कर ने आज सीधे दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर हमला बोल दिया है। तिमारपुर से पार्टी विधायक पंकज ने कहा कि केजरीवाल को महानायक बनाना बड़ी दुर्घटना थी, जो हम सबसे हो गई।
नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी (आप) के विधायक पंकज पुष्कर ने आज सीधे दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर हमला बोल दिया है। तिमारपुर से पार्टी विधायक पंकज ने कहा कि केजरीवाल को महानायक बनाना बड़ी दुर्घटना थी, जो हम सबसे हो गई।
'आप' विधायक पंकज पुष्कर ने इस बात पर भी नाराजगी जताई कि पत्रकार वार्ता करने से पहले वार्ता स्थल की बिजली काट दी गई। पार्टी पर हाईकमान कल्चर लागू होने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी में कोई सच्ची बात नहीं रख सकता-सच नहीं बोल सकता।
आप नेता ने पार्टी नेतृत्व पर बगावती अंदाज में हमला करते हुए कहा कि पार्टी में किसी को भी सच बोलने की अनुमति नहीं है। दरअसल पार्टी ने लोकतंत्र नाम की कोई चीज नहीं है।
आप के 21 विधायकों को संसदीय सचिव बनाने के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि विधायकों को संसदीय सचिव बनाया जाना सरासर गलत है। इसके लिए विधानसभा में बिल तक नहीं पास कराया गया।
इससे पहले आप विधायक पंकज पुष्कर जितेंद्र तोमर मामले से निपटने के तरीके को लेकर पार्टी के शीर्ष नेतृत्व पर निशाना साध चुके हैं। उन्होंने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से लोगों से ‘माफी मांगने’ के लिए भी कहा था। मामला जब पहली बार सामने आया था तब ही पार्टी को तोमर के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए थी।
उन्होंने कहा,‘तथ्य चार महीने पहले सामने आए थे। पार्टी ने तब ही उनके खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं की? अगर नेतृत्व ने उठ रही कुछ आवाजों पर ध्यान दिया होता तो इस स्थिति से बचा जा सकता था।