रणदीप सुरेजवाला बने कांग्रेस के मीडिया प्रभारी
कई राज्यों के मुखिया बदले जाने के बाद आज कांग्रेस ने बेहद महत्वपूर्ण माने जाने वाले मीडिया विभाग की जिम्मेदारी पार्टी प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला को सौंप दी। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने आज औपचारिक रूप से सुरजेवाला को कांग्रेस मीडिया इंचार्ज नियुक्त किया।
नई दिल्ली। लोकसभा के बाद राज्य चुनावों में बड़ी शिकस्त पाने वाली कांग्रेस अब पार्टी को नई धार देने में जुट गई है। कई राज्यों के मुखिया बदले जाने के बाद आज कांग्रेस ने बेहद महत्वपूर्ण माने जाने वाले मीडिया विभाग की जिम्मेदारी पार्टी प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला को सौंप दी। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने आज औपचारिक रूप से सुरजेवाला को कांग्रेस मीडिया इंचार्ज नियुक्त किया। सूत्रों के मुताबिक इस मुद्दे पर "टीम राहुल" किसी ऐसे आदमी को देखना चाह रही थी, जो उनके हिसाब से चल सके।
पार्टी महासचिव जनार्दन द्विवेदी द्वारा जारी पत्र में कहा गया है कि 'अजय माकन को दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष बनाए जाने के बाद पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी ने रणदीप सिंह सुरजेवाला को अगले नोटिफिकेशन तक कांग्रेस के कम्युनिकेशन डिपार्टमेंट का इंचार्ज नियुक्त किया है।'
दरअसल, कांग्रेस संचार प्रमुख अजय माकन के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष बनने के साथ ही कांग्रेस में उनके उत्तराधिकारी की खोज शुरू हो गई थी। इस दौड़ में पूर्व केंद्रीय मंत्री व राज्यसभा में पार्टी के उपनेता आनंद शर्मा और पार्टी प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला का नाम आगे बताया जा रहा था। पार्टी संविधान के मुताबिक राज्य इकाई में पद ग्रहण करने के बाद कोई भी पदाधिकारी केंद्रीय इकाई से स्वतः पद मुक्त हो जाता है।