नौकरशाही में बड़ा फेरबदल, राजीव गाबा होंगे गृह सचिव
गाबा झारखंड कैडर के 1982 बैच के आइएएस अधिकारी हैं और वह गृह मंत्रालय में फिलहाल ओएसडी के तौर पर जिम्मेदारी संभालेंगे।
नई दिल्ली, प्रेट्र। केंद्र सरकार ने नौकरशाही में बुधवार को बड़ा बदलाव किया। सचिव स्तर के 16 अफसर इधर से उधर किए गए हैं। शहरी विकास सचिव राजीव गाबा नए गृह सचिव होंगे। वे राजीव महर्षि की जगह लेंगे, जिनका कार्यकाल 30 अगस्त को पूरा हो रहा है।
गाबा झारखंड कैडर के 1982 बैच के आइएएस अधिकारी हैं और वह गृह मंत्रालय में फिलहाल ओएसडी के तौर पर जिम्मेदारी संभालेंगे। 31 अगस्त को उनको गृह सचिव की जिम्मेदारी दे दी जाएगी। गाबा गृह मंत्रालय में पहले भी संयुक्त सचिव और अतिरिक्त सचिव की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। वहां पर वह नक्सल डिवीजन का काम देखते थे।
गाबा की जगह दुर्गाशंकर मिश्रा को शहरी विकास सचिव बनाया जाएगा। इस समय में इसी मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव के पद पर हैं। संस्कृति मंत्री एनके सिन्हा नए सूचना एवं प्रसारण सचिव होंगे। मौजूदा सूचना प्रसारण सचिव को कार्मिक विभाग भेजा जा रहा है। कार्मिक सचिव बीपी शर्मा इस माह के आखिर में रिटायर हो रहे हैं।
विश्व बैंक में कार्यकारी निदेशक सुभाष गर्ग को आर्थिक मामलों का नया सचिव बनाया जा रहा है। शक्तिकांत दास के सेवानिवृत्त होने के बाद से यह पद खाली था। अरुणा सुंदरराजन नई दूरसंचार सचिव होंगी। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण प्रमुख युद्धवीर सिंह को सड़क, परिवहन और राजमार्ग सचिव बनाया जा रहा है।
यह भी पढ़ें: तीन उच्च न्यायालयों के लिए 11 जज हुए नियुक्त