राजस्थान के मंत्रियों का अपने पार्टी नेता पर गंभीर आरोप
दोनों नेताओं ने तिवाड़ी के पास 800 बीघा का लैंड बैंक होने का आरोप लगाते हुए कहा कि इतनी जमीन खरीदने के लिए उनके पास कहां से पैसे आए।
जयपुर, जागरण संवाददाता। राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के खिलाफ सार्वजनिक रूप से बयानबाजी करने वाले भाजपा के नेता घनश्याम तिवाड़ी के खिलाफ प्रदेश के दो कैबिनेट मंत्रियों ने बयान जारी कर कहा है कि तिवाड़ी का रिमोट कंट्रोल कांग्रेस के हाथ में है और वह भाजपा को दीमक की तरह खा रहे हैं। वसुंधरा के खास परिवहन मंत्री यूनुस खान एवं कृषि मंत्री प्रभूलाल सैनी ने शनिवार को संयुक्त बयान जारी कर कहा कि तिवाड़ी के पास जो हजारों करोड़ रुपये की संपति है, वह कहां से आई?
दोनों नेताओं ने तिवाड़ी के पास 800 बीघा का लैंड बैंक होने का आरोप लगाते हुए कहा कि इतनी जमीन खरीदने के लिए उनके पास कहां से पैसे आए। जयपुर ही नहीं, बल्कि सीकर में भी तिवाड़ी के पास काफी संपति है। दोनों ने आरोप लगाया कि तिवाड़ी कांग्रेस के हाथों में खेल रहे हैं। इसलिए ही पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सचिन पायलट तिवाड़ी के पक्ष में बयान जारी करते रहते हैं।
उल्लेखनीय है कि तिवाड़ी पिछले दो वर्ष से सीएम के खिलाफ सार्वजनिक रूप से बयानबाजी करते हुए उन पर भ्रष्टाचार के आरोप लगा रहे हैं।
भाजपा विधायक ने दी मुख्यमंत्री को नसीहत
जासं, जयपुर। राजस्थान भाजपा के विधायक ज्ञानदेव आहूजा ने मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे को भाजपा शासित दूसरे प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों की तरह काम करने की सलाह दी है। संघ के स्वयं सेवक रहे आहूजा ने मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे को प्रेषित पत्र में लिखा कि राजस्थान में अवैध रूप से बजरी का खनन हो रहा है। इसे रोकने के लिए मध्यप्रदेश सरकार की तर्ज पर कदम उठाने चाहिए। राजस्थान में सरकार अवैध बजरी खनन रोकने के लिए कोई कार्रवाई नहीं कर रही है। आहूजा ने बताया कि मप्र की तरह छत्तीसगढ़ में भी लोगों को फायदा पहुंचाने के लिए कई काम हुए हैं। राजस्थान में भी ऐसे काम होने चाहिए।
यह भी पढ़ें: राजस्थान विश्वविद्यालय के 7 और प्रोफेसर व कर्मचारियों पर भ्रष्टाचार का केस