किसान की मौत पर राहुल ने जताया दुख, कहा-मुझसे मिले थे सुरजीत
कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने पंजाब में किसान सुरजीत सिंह द्वारा खुदकुशी करने पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि मझे बेहद दुख हुआ है।
नई दिल्ली । कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने पंजाब में किसान सुरजीत सिंह द्वारा खुदकुशी करने पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि मझे बेहद दुख हुआ है। मेरी संवेदना सुरजीत सिंह के परिवार साथ है। राहुल गांधी ने यह बात ट्वीट कर कही।
उन्होंने कहा कि हमारे देश में किसान तनाव में हैं। मैं बादल सरकार और केंद्र की मोदी सरकार से निवेदन करता हूं कि वे किसानों की मदद करें। उनकी उपेक्षा करना बंद करें।
गौरतलब है कि पंजाब के सरहिंद क्षेत्र के गांव दादूवाल माजरा गांव में सुरजीत सिहं नामक किसान ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली थी। सुरजीत भारी कर्ज व फसल बर्बाद होने से परेशान था। पिछले दिनों राहुल गांधी के पंजाब दौरे के दौरान वह सरहिंद में उनसे मिला था और किसानों की हालत के बारे में बताया था। इसके बाद राहुल गांधी ने लोकसभा में भी इस मुद़्दे का उठाया था।
सुरजीत पर नौ लाख का कर्ज था
करीब 60 साल के सुरजीत पर करीब नौ लाख रुपये का कर्ज था। यह कर्ज उसने बैकों व साहूकारों से ले रखा था। उस पर अब कर्ज चुकाने के लिए दबाव पड़ रहा था। बैंकों से फोन आ रहे थे तो साहूकार भी उसे परेशान कर रहे थे। परिजनों के अनुसार, इससे वह बेहद तनाव में था।