खुदकुशी करने वाले किसान सुरजीत के परिवार से मिले राहुल गांधी
फतेहगढ़ साहिब के दादू माजरा गांव में कर्ज के बोझ के कारण खुदकुशी करने वाले किसान सुरजीत सिंह के परिजनों से मिलने बृहस्पतिवार को कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी पहुंचे। उन्होंने यहां परिजनों को ढांढस बंधाया और हरसंभव मदद का भरोसा दिया।
नई दिल्ली। फतेहगढ़ साहिब के दादू माजरा गांव में कर्ज के बोझ के कारण खुदकुशी करने वाले किसान सुरजीत सिंह के परिजनों से मिलने बृहस्पतिवार को कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी पहुंचे। उन्होंने यहां परिजनों को ढांढस बंधाया और हरसंभव मदद का भरोसा दिया।
गौरतलब है कि 62 वर्षीय किसान सुरजीत सिंह ने बेमौसम बारिश की वजह से बर्बाद हुए फसलों को लेकर 28 अप्रैल को राहुल गांधी से मुलाकात की थी। उस समय राहुल पंजाब के दौरे पर गए थे। सुरजीत पर सोसाइटियों, बैंकों और आढ़ती का नौ लाख रुपये का कर्ज था और गेहूं की फसल पूरी तरह बर्बाद होने की वजह से वह इसे नहीं चुका पाए थे। उन्होंने 10 जून को सुबह करीब साढ़े नौ बजे सेल्फास की गोली खाकर आत्महत्या कर ली।
सुरजीत की पत्नी व बेटे जब राहुल गांधी से मिलीं तो वे फूट-फूटकर रोने लगे। राहुल ने उन्हें ढांढस बंधाया और पार्टी की ओर से हरसंभव मदद का अाश्वासन दिया। इस दौरान राहुल ने मीडिया से दूरी बनाए रखी। सुरजीत के परिवार में तीन लड़कियां और एक लड़का है। सभी शादीशुदा हैं।