पंजाब से लौट राहुल संसद में उठाएंगे किसानों की बदहाली का मुद्दा
पंजाब के किसानों से मिलकर दिल्ली लौटे कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मेक इन इंडिया पर सवाल उठाए हैं। उनके मुताबिक, गरीब जो करता है क्या वह मेक इन इंडिया नहीं है। मेक इन इंडिया के लिए किसानों की मदद होनी चाहिए।
नई दिल्ली। पंजाब के किसानों से मिलकर दिल्ली लौटे कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मेक इन इंडिया पर सवाल उठाए हैं। उनके मुताबिक, गरीब जो करता है क्या वह मेक इन इंडिया नहीं है। मेक इन इंडिया के लिए किसानों की मदद होनी चाहिए।
सूत्रों के मुताबिक, राहुल बुधवार को संसद में पंजाब और हरियाणा के किसानों की बदहाली का मुद्दा उठा सकते हैं। राहुल बृहस्पतिवार को महाराष्ट्र का दौरा करेंगे। इसके लिए कांग्रेस उपाध्यक्ष बुधवार शाम को ही नागपुर पहुंच जाएंगे। अगली सुबह राहुल मानगांव रेलवे तहसील के गुंजी व शाहापुर गांव और चांदपुर रेलवे तहसील के रामगांव, रजाना व तोंगलबाद गांवों का दौरा करेंगे।
इस दौरे के दौरान राहुल बेमौसम बारिश, सूखा व ओला वृष्टि से प्रभावित किसानों के घरों का दौरा करने की भी संभावना है।
गौरतलब है कि महाराष्ट्र के अमरावती मंडल में सर्वाधिक किसानों ने खुदकुशी की है। इस साल के पहले चार महीनों के दौरान 295 किसानों ने अपनी इहलीला समाप्त कर ली। औरंगाबाद मंडल में 215 किसानों ने खुदकुशी की है।
लुधियाना के कांग्रेस सांसद रवनीत बिट्टू के मुताबिक, राहुल हरियाणा व पंजाब के किसानों के हालात देखकर बेहद दुखी हैं।
कांग्रेस उपाध्यक्ष मौसम की मार से प्रभावित किसानों से मुलाकात करने मंगलवार को पंजाब पहुंचे थे। राहुल ट्रेन के जनरल कोच में बैठकर अंबाला पहुंचे। यहां राहुल का जोरदार स्वागत किया गया। उनके साथ वरिष्ठ कांग्रेसी नेता अहमद पटेल भी यहां मौजूद थे।
इसके बाद राहुल पंजाब में किसानों की सुध लेने लुधियाना की तहसील खन्ना में स्थित एशिया की सबसे बड़ी अनाज मंडी में पहुंचे।
यहां उन्होंने किसान का गेहूं ना उठाने के लिए उन्होंने केंद्र सरकार को दोषी ठहराया। उनके मुताबिक, बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि की वजह से बर्बाद हुई फसलों का मुआवजा भी किसानों को नहीं दिया गया।