राहुल का पीएम पर निशाना, बोले- मोदी को बचा रहे हैं मोदी
कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने अपनी छत्तीसगढ़ यात्रा के दौरान केंद्र और राज्य सरकार दोनों पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि राज्य के विकास मॉडल में चुने हुए लोगों का विकास हो रहा है। कोरबा में किसानों से बातचीत करते हुए राहुल गांधी ने ये बात कही।
बिलासपुर, कोरबा, रायपुर। कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने अपनी छत्तीसगढ़ यात्रा के दौरान केंद्र और राज्य सरकार दोनों पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि राज्य के विकास मॉडल में चुने हुए लोगों का विकास हो रहा है। कोरबा में किसानों से बातचीत करते हुए राहुल गांधी ने ये बात कही। उन्होंने कहा कि किसानों की उपेक्षा की जा रही है। वहीं केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि मोदी को बचा रहे हैं मोदी। इस दौरान कांग्रेस उपाध्यक्ष ने कुदमुरा गांव में किसानों की समस्याएं भी सुनी।
सुषमा स्वराज पर साधा निशाना
राहुल ने ललित मोदी-सुषमा स्वराज विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि मोदी जी को विदेश मंत्री सुषमा स्वराज को हटाना चाहिए। मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा कि 'मोदी (ललित मोदी) के पीछे मोदी (प्रधानमंत्री मोदी) का हाथ हैं। सुषमा कौन हैं, वो एक जुनियर मंत्री हैं'। 'देश और सरकार को इस वक्त एक ही आदमी चला रहा है वो हैं मोदी'। उन्होंने कहा कि ललित मोदी काले धन का प्रतीक है। राहुल गांधी ने पीएम को घेरते हुए कहा कि मोदी जी काले धन को स्वदेश लाने की बात करते हैं। उन्होंने कहा मोदी जी ललित मोदी को बचाना बंद करें।
ग्रीमीणों से मिले
इससे पहले वे पाली के पास कुछ ग्रामीणों से मिले। उन्हें ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं के संबंध में एक पत्र भी दिया। जिसे उन्होंने गाड़ी में बैठे-बैठे ही लिया। यहां से वे मदनपुर पहुंच गए। पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी पहले से ही कार्यक्रम स्थल पर मौजूद थे। उनके साथ चरणदास महंत और मोहसिना किदवई भी थी।
राहुल गांधी के स्वागत के लिए बिलासपुर के चकरभाटा हवाई पट्टी मे प्रदेश के दिग्गज नेता पहुंचे थे। हालांकि राहुल कांग्रेस कार्यकर्ताओ से नहीं मिले और बंद गाड़ी में निकले।
राहुल के आगवानी में भी दिखी गुटबाजी
रहालु गांधी के स्वागत में भी गुटबाजी दिखी। कांग्रेस के कुछ समर्थक अजीत जोगी के समर्थन में नारे गा रहे थे। वहीं पीसीसी अध्यक्ष भूपेश बघेल ने बताया कि राहुल के प्रदेश दौरे से मुख्यमंत्री रमन सिंह बौखलाए हैं इसलिए गलत बयान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि राहुल के आगमन से पार्टी को नई उर्जा मिलेगी।
वहीं उनकी डबरा में होने वाली सभा में प्रदेशभर के 50 हजार लोगों को पहुंचाने की तैयारी है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने सभी विधायकों और विधानसभा प्रत्याशियों को जिम्मेदारी बांटी है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष भूपेश बघेल ने कांग्रेस भवन में पत्रकारों से चर्चा में कहा कि राहुल गांधी की डभरा सभा के लिए पूरे प्रदेश से बड़े पैमाने पर कांग्रेस कार्यकर्ता पहुंचेंगे।
प्रदेश कांग्रेस पदाधिकारियों, जिला कांग्रेस अध्यक्षों, जिला पदाधिकारियों और ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों को साथियों सहित डभरा कार्यक्रम में पहुंचने की जवाबदारी दी गई है। 90 विधानसभाओं से विधायक और विधानसभा प्रत्याशी अपने-अपने साथियों, समर्थकों और विधानसभा क्षेत्र के कार्यकर्ताओं के साथ डभरा पहुंचेंगे। राहुल गांधी सड़क मार्ग से मदनपुर पहुंचेंगे। वहां कोयला खदान से प्रभावितों से लगभग डेढ़ घंटे चर्चा करेंगे।
इस दौरान कोल ब्लॉक से विस्थापितों की राहुल गांधी से एकांत में चर्चा होगी। मदनपुर कार्यक्रम का समन्वयक नेता प्रतिपक्ष टीएस सिंहदेव को बनाया गया है। इसके बाद राहुल गांधी सड़क मार्ग से कुदमुदा पहुंचेंगे। यहां हाथियों के आतंक से प्रभावित किसानों से मुलाकात करेंगे। कुदमुदा कार्यक्रम का समन्वयक पूर्व केन्द्रीय मंत्री डॉ. चरणदास महंत को बनाया गया है। उनके साथ विधायक श्यामलाल कंवर, जयसिंह अग्रवाल, लालजीत सिंह राठिया, रामदयाल उइके रहेंगे। सोमवार को राहुल गांधी रात्रि विश्राम सक्ती में करेंगे।
भूपेश ने बताया कि राहुल गांधी की साराडीह से डबरा तक की पदयात्रा में भाग लेने के लिए उत्साह देखा जा रहा है। सुबह सात बजे से शुरू होने जा रही पदयात्रा में भाग लेने के लिए 6 बजे से ही कार्यकर्ता पहुंचने लगेंगे। कांग्रेस और कांग्रेस के मोर्चा संगठनों, महिला कांग्रेस, सेवादल, युवक कांग्रेस और एनएसयूआई के कार्यकर्ता पदयात्रा में राहुल गांधी का हमकदम बनकर चलेंगे। पदयात्रा में छत्तीसगढ़ के भू-अधिग्रहण के महत्वपूर्ण मामलों का प्रतिनिधित्व सुनिश्चित किया जा रहा है। दोपहर 2 बजे आमसभा का कार्यक्रम डबरा में रखा गया है।