पंजाब चुनाव: भाजपा के घोषणापत्र में 25 रुपये किलो देसी घी, 10 रुपये किलो चीनी
पंजाब विधानसभा चुनाव को लेकर जारी किए गए भाजपा के घोषणा पत्र में कई लोकलुभावन वादे किए गए हैं। हर वर्ग को घोषणा पत्र में शामिल किया गया है।
जेएनएन, जालंधर। पंजाब विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जानता पार्टी ने चुनाव घोषणा पत्र जारी कर दिया है। पार्टी का चुनाव घोषणा पत्र रविवार को जालंधर में केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली ने जारी किया। भाजपा ने घोषणा पत्र में कई लोकलुभावन वादे किए हैं। पार्टी ने हर परिवार के एक व्यक्ति रोजगार व गरीब परिवारों को घर देने का वादा किया है। इसके अलावा गरीबों को 25 रुपये किलो देसी घी, 10 रुपये किलो चीनी देने का भी वादा है।
भाजपा ने सोलह पन्नों के घोषणा पत्र में हर परिवार के एक सदस्य को नौकरी, हर गरीब को एक घर व सातवें वेतन आयोग की सिफारिशों को लागू करने समेत 186 वादे किए गए हैं, जिन्हें अगले पांच साल में पूरा करने का दावा किया है। इसके पहले पांच पन्नों पर पंजाब में भाजपा सरकार के 10 साल की उपलब्धियों का लेखा-जोखा है। इसके बाद 11 पन्नों पर 30 विभिन्न वर्गों के लिए 186 वादे किए गए हैैं। जेटली ने कहा कि केंद्र व राज्य में एक ही पार्टी की सरकार होने से हमारे लिए इन वादों को पूरा करना आसान होगा।
यह भी पढ़ें: पंजाब चुनाव: अमरिंदर बनेंगे सिद्धू के 'विकेटकीपर' और आशा होंगी 'अंपायर'
भाजपा ने किसानों से भी लोकलुभावन वादे किए हैं। घोषणा पत्र के मुताबिक छोटे किसानों का कर्ज माफ किया जाएगा। गरीब परिवारों की बेटी के लिए पीएचडी तक की पढ़ाई मुफ्त करवाई जाएगी। पार्टी ने कर्मचारियों से भी वादा किया है। सातवें वेतन आयोग की रिपोर्ट के आधार पर कर्मचारियों का वेतन बढ़ाया जाएगा। इसके अलावा कर्मचारियों की रिटायरमेंट उम्र 60 साल की जाएगी। पार्टी ने आतंकवाद प्रभावित परिवारों को भी राहत देने की बात की है। एेसे परिवारों को पांच लाख रुपये की सहायता दी जाएगी।