पति पर निजी हमले से आहत प्रियंका ने उछाला महिला जासूसी कांड
पति रॉबर्ट वाड्रा के बचाव के साथ मंगलवार को मां सोनिया गांधी के प्रचार अभियान की शुरुआत करने वाली प्रियंका वाड्रा ने बुधवार को नरेंद्र मोदी पर जवाबी हमला किया। निजी हमले पर दुख व्यक्त करने वाली प्रियंका ने मोदी पर महिलाओं की जासूसी करवाने का आरोप लगाया। कहा, आप महिला सशक्तिकरण की बात करते हैं और खुद बंद कमरे में बैठकर महिलाओं की फोन पर होने वाली बातचीत को सुनते हैं।
नई दिल्ली [जागरण न्यूज नेटवर्क]। पति रॉबर्ट वाड्रा के बचाव के साथ मंगलवार को मां सोनिया गांधी के प्रचार अभियान की शुरुआत करने वाली प्रियंका वाड्रा ने बुधवार को नरेंद्र मोदी पर जवाबी हमला किया। निजी हमले पर दुख व्यक्त करने वाली प्रियंका ने मोदी पर महिलाओं की जासूसी करवाने का आरोप लगाया। कहा, आप महिला सशक्तिकरण की बात करते हैं और खुद बंद कमरे में बैठकर महिलाओं की फोन पर होने वाली बातचीत को सुनते हैं। क्या ऐसे ही महिलाओं का सशक्तिकरण होगा।
प्रियंका ने चुनाव पूर्व गुजरात की एक युवती की जासूसी का मामला उठाया है जिसे मोदी सरकार ने युवती के पिता के कहने पर अंजाम दिया था। बाद में केंद्र सरकार ने मामले की न्यायिक जांच का फैसला किया लेकिन उसके लिए कोई न्यायाधीश तैयार नहीं हुआ। वरिष्ठ भाजपा नेता अरुण जेटली ने प्रियंका के हमले पर आपत्ति जताते हुए उन्हें निजी हमले से परहेज करने की हिदायत दी है।
रायबरेली में कांग्रेस अध्यक्ष के प्रचार में सक्रिय प्रियंका वाड्रा ने मतदाताओं से अपील की कि वे ऐसे व्यक्ति को कतई वोट न दें जो सारी ताकत अपने हाथ में रखना चाहता है और उसका विश्वास बंटवारे की राजनीति में है। उन्होंने कहा कि गुजरात की युवती की जासूसी मोदी के आदेश पर की गई थी। जनता ऐसे नेताओं को घर से बाहर करे जो महिलाओं की इज्जत नहीं करते। जब हम महिला सशक्तिकरण की बात करते हैं तब हमें उनके सम्मान की बात करनी चाहिए-निष्पक्ष होकर उनको आगे बढ़ाने वाले कार्यो पर चर्चा करनी चाहिए।
प्रियंका ने जोर दिया कि महिला को मां, बेटी, पत्नी और बहन के रूप में समान रूप से सम्मान मिलना चाहिए। महिला सशक्तिकरण के मामले में भाजपा को दोहरे मानदंड अपनाने का आरोप लगाते हुए प्रियंका ने कहा, अगर उन्हें महिलाओं को आगे बढ़ाना था तो आरक्षण के मुद्दे पर उन्हें हमारे साथ आना चाहिए था लेकिन वे नहीं आए। इस प्रकार की नीतियों से देश कैसे मजबूत होगा?
ऊंचाहार इलाके में लोगों को संबोधित करते हुए प्रियंका ने कहा, कांग्रेस भ्रष्टाचार के खिलाफ है इसलिए उसने सूचना के अधिकार का कानून बनाया। इससे तमाम छिपी हुई बातें सामने आई। भाजपा भ्रष्टाचार से लड़ने की बात कहती है लेकिन इसके लिए उसके पास कोई योजना नहीं है। भाजपा के लोगों से उनकी विकास योजना के बारे में भी पूछा जाना चाहिए। ये लोग बातें बड़ी-बड़ी करते हैं लेकिन वे कैसे पूरी होंगी-यह नहीं बताते।
वाड्रा मामले में कानून अपना काम करेगा
अमृतसर में जेटली ने प्रियंका और कांग्रेस नेताओं के मोदी पर निजी हमले पर कड़ी आपत्ति जताते हुए कहा कि नरेंद्र मोदी की वैवाहिक स्थिति के बारे में क्यों चर्चा की जा रही है? बिना किसी सुबूत के गुजरात की युवती की जासूसी कराने के आरोप क्यों लगाए जा रहे हैं? कांग्रेस विकास, महंगाई, भ्रष्टाचार के मुद्दों पर क्यों जवाब नहीं देती है? जनता से जुड़े मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए आए दिन क्यों फिजूल की बातें की जाती हैं? रॉबर्ट वाड्रा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराए जाने संबंधी सवाल के जवाब में जेटली ने कहा, यह भी होगा, 16 मई को आने दो। अभी तो कांग्रेस पार्टी ने जांच एजेंसियों को इन मामलों पर रोका हुआ है। 16 मई के बाद कानून स्वतंत्र होकर अपना काम करेगा।
'रॉबर्ट वाड्रा मामले से ध्यान हटाने के लिए प्रियंका बेमतलब के मुद्दे खड़े कर रही हैं। वाड्रा का मामला सत्ता से आर्थिक लाभ उठाने से जुड़ा है।' - प्रकाश जावड़ेकर, भाजपा प्रवक्ता