Move to Jagran APP

गुटबाजी कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी: प्रियंका

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के महासमर में काग्रेस की स्टार प्रचारक प्रियंका गांधी का तीन दिवसीय चुनावी अभियान शुरू हो गया है। काग्रेस की स्टार प्रचारक प्रियंका गाधी वाड्रा ने पार्टी कार्यकर्ताओ को पार्टी उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित करने के लिए एकजुट होकर काम करने की सलाह देते हुए चेतावनी दी है कि गुटबाजी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

By Edited By: Published: Mon, 16 Jan 2012 02:39 PM (IST)Updated: Tue, 17 Jan 2012 06:24 PM (IST)
गुटबाजी कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी: प्रियंका

अमेठी। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के महासमर में कांग्रेस की स्टार प्रचारक प्रियंका गांधी का तीन दिवसीय चुनावी अभियान शुरू हो गया है। विधानसभा चुनाव के मद्देनजर भाई राहुल गांधी और मां सोनिया गांधी के संसदीय क्षेत्रों अमेठी और रायबरेली के तीन दिवसीय दौरे पर सोमवार को यहां पहुंची कांग्रेस की स्टार प्रचारक प्रियंका गांधी वाड्रा ने पार्टी कार्यकर्ताओ को पार्टी उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित करने के लिए एकजुट होकर काम करने की सलाह देते हुए चेतावनी दी है कि गुटबाजी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

loksabha election banner

संजय गांधी अस्पताल के अतिथि गृह में तिलोई विधानसभा क्षेत्र के पार्टी कार्यकर्ताओं की बैठक के साथ अपने तीन दिवसीय दौरे की शुरुआत करते हुए प्रियंका ने कहा कि सभी कार्यकर्ता पार्टी उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित करने के लिए जुट जाएं। इसके साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि गुटबाजी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और यह भी बताया कि गुटबाजी पर नजर रखने के लिए गांव स्तर पर गुप्त कोड संख्या वाले उड़नदस्ते बनाए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता आपसी मनमुटाव को भूल कर पार्टी की जीत और मिशन 2012 की कामयाबी के लिए संकल्पबद्ध होकर काम करें। उन्होंने कहा कि समय कम है इसलिए वे बिना समय गंवाए गांव-गांव पहुंच कर जनता से संपर्क करें और उन्हें कांग्रेस तथा संप्रग सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं से अवगत कराएं।

कार्यकर्ताओं को पार्टी संगठन की रीढ़ बताते हुए प्रियंका ने आह्वान किया कि एकजुट होकर राहुल गांधी की ताकत बढाने में जुटने वाले सभी कार्यकर्ताओं को पूरा सम्मान मिलेगा।

कुछ कार्यकर्ताआें की इस शिकायत पर कि पार्टी प्रत्याशी डा. मुस्लिम उनकी उपेक्षा कर रहे हैं, उन्होंने कहा कि यह प्रत्येक उम्मीदवार की जिम्मेदारी है कि वह सभी कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलें और वे इस पर स्वयं नजर रखेंगी।

बिजली पानी और सड़क को लेकर कार्यकर्ताओं द्वारा उठाई गई शिकायतों के समाधान के लिए प्रदेश में कांग्रेस पार्टी की सरकार को जरुरी बताते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि समय आ गया है कि सब मिलकर प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनवाएं। उन्होंने बताया कि अमेठी और रायबरेली संसदीय क्षेत्र में आने वाली विधानसभा सीटाें के लिए चुनाव प्रचार की कमान वे स्वयं संभालेंगी और इसके लिए दो फरवरी से पुन: दौरे पर आएंगी।

पार्टी सूत्राें ने बताया कि अपने तीन दिवसीय दौरे के दौरान प्रियंका विधानसभा क्षेत्रवार पार्टी के उम्मीदवाराें, विकास खंड से लेकर न्याय पंचायत स्तर तक के कार्यकर्ताओं तथा कांग्रेस, युवक कांग्रेस, सेवादल और महिला कांग्रेस के स्थानीय कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगी और चुनाव प्रचार की रणनीति तैयार करेंगी।

उल्लेखनीय है कि अमेठी और रायबरेली संसदीय क्षेत्राें में आने वाली कुल दस विधानभा सीटों में से फिलहाल छह कांग्रेस पार्टी के कब्जे में हैं। सोमवार को सुबह लगभग दस बजे इंदिरा गांधी उड़ान अकादमी फुरसत गंज में उनका विशेष विमान उतरा। यहां से काफिला गौरीगंज के लिए रवाना हो गया। इससे पहले उड़ान अकादमी पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोशीले नारों से उनका स्वागत किया।

फुरसत गंज से नहर कोठी, ओदारी, जायस, गांधी नगर होते हुए वह सीधे गौरीगंज पहुंचीं। रास्ते में जगह-जगह प्रियंका के स्वागत व अभिवादन के लिए समर्थ कांग्रेसी कार्यकर्ता मौजूद थे।

गौरतलब है कि रायबरेली व अमेठी के ब्लाक स्तर के कार्यकर्ताओं को विधान सभा चुनाव में जीत की संजीवनी देने प्रियंका गांधी अमेठी व रायबरेली में सोमवार से दौरे पर है। आम लोगों की अभी प्रियंका गांधी के पहले दौरे में दूरी बनी रहेगी। रविवार को सांसद प्रतिनिधि किशोरी लाल शर्मा ने पत्रकारों को सांसद के जनसंपर्क कार्यालय में जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि पिछले चुनावों की तरह ही इस बार भी प्रियंका गांधी के हाथों में सभी विधानसभाओं की कमान रहेगी। वे अमेठी के साथ ही रायबरेली में कांग्रेस के ब्लाक स्तर तक के कार्यकर्ताओं के साथ सीधा संवाद करेंगी।

उनके आने के कार्यक्रम के बारे में विधिवत जानकारी देते हुए बताया कि 16 जनवरी को सुबह श्रीमती गांधी फुरसतगंज हवाई अड्डे पर उतरने के बाद सीधे अमेठी निकल जाएंगी। वहां पर वह चार विधानसभाओं के कार्यकर्ताओं से मिलेंगी। देर रात वह विश्राम करेंगी।

सुबह 9 बजे सबसे पहले सलोन विधानसभा के ब्लाक स्तरीय कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद करेंगी। इसके बाद साढ़े दस सरेनी, ऊंचाहार बारह बजे व दो बजे रायबरेली सदर के ब्लाक स्तरीय कार्यकर्ताओं से बातचीत करेंगी। इसके बाद 18 जनवरी को सुबह 9 बजे बछरांवा व साढे़ दस बजे हरचंदपुर विधानसभा के कार्यकर्ताओं से मिलने के बाद वह वापस जाएंगी।

मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.