...तो अमेरिका इस रणनीति के तहत बना रहा भारत और पाकिस्तान से अच्छे संबंध
व्हाइट हाउस की ओर से कहा गया कि भारत और पाकिस्तान दोनों ही परमाणु हथियारों की ताकत से लैस हैं। ऐसे में अगर रिश्ते बेहतर होते हैं तो यह इस क्षेत्र के लिए और पूरे विश्व के लिए भी बेहतर होगा।
वाशिंगटन, पीटीआइ। अमेरिका एक ओर भारत के साथ अच्छे संबंध बनाने की ओर अग्रसर है। वहीं दूसरी ओर पाकिस्तान के साथ भी साझेदारी आगे बढ़ा रहा है। भारत और पाकिस्तान के रिश्तों में चल रही तनातनी से हर कोई वाकिफ है। ऐसे में अमेरिका की भारत और पाकिस्तान दोनों से नजदीकियां हैरान करती हैं। व्हाइट हाउस द्वारा जारी एक बयान ने इस मामले में अमेरिकी रूख को जाहिर करने की कोशिश की है।
व्हाइट हाउस के एक अधिकारी ने बताया कि हमारी रणनीति एकदम साफ है, अमेरिका हर देश के साथ मिलकर चलना चाहता है। भारत और पाकिस्तान के साथ अमेरिका के संबंधों की बात करें, दोनों लिए प्राथमिकताएं और प्राकृति अलग-अलग हैं। उन्होंने बताया कि अमेरिका, भारत के साथ एक रणनीतिक साझीदारी कर रहा है। अमेरिका, भारत के विश्व पटल पर अहम होते रोल और बढ़ते प्रभाव को बड़े ध्यान से देख रहा है। हम भारत के इस बढ़ते प्रभाव को और प्रोत्साहित करना चाहते हैं। हम भारत के साथ आपसी हितों में सहयोग की ओर आगे बढ़ रहे हैं।
पाकिस्तान के साथ संबंधों पर अपना रुख साफ करते हुए व्हाइट हाउस की ओर से कहा गया कि पाकिस्तान के साथ अमेरिका को एक उपयोगी साझीदारी चाहिए, दोनों देशों के साथ रिश्तों की प्रकृति काफी अलग है। ऐसे में दोनों ही देशों के साथ अमेरिका को आगे बढ़ना होगा। अमेरिका को इस बात का अहसास है कि हर देश से रिश्ता अलग है। ऐसे में सबके साथ अलग-अलग रणनीति के तहत अमेरिका आगे बढ़ रहा है।
आगे कहा गया कि भारत और पाकिस्तान के साथ अमेरिका के रिश्ते उनकी अपनी योग्यताओं के आधार हैं। अमेरिका इन रिश्तों को फायदे नुकसान से जोड़कर नहीं देखता है। भारत के साथ रणनीतिक रिश्तों को अमेरिका और गहरा करने का इच्छुक है। साथ ही पाकिस्तान के साथ भी सहयोग जारी रखना चाहता है। अमेरिक का मानना है कि बेहतर रिश्ते दोनों देशों के हितों में हैं।
व्हाइट हाउस की ओर से कहा गया कि भारत और पाकिस्तान दोनों ही परमाणु हथियारों की ताकत से लैस हैं। ऐसे में अगर रिश्ते बेहतर होते हैं तो यह इस क्षेत्र के लिए और पूरे विश्व के लिए भी बेहतर होगा। अमेरिकी अधिकारी के मुताबिक, अमेरिका की पाकिस्तान के साथ भी रक्षा साझेदारी है। अमेरिका, पाकिस्तान को कुछ सुरक्षा, रक्षा और काउंटर टेररिज्म के मुद्दों पर सहयोग देता है।
इस अधिकारी की मानें तो अगर अमेरिका, भारत को कुछ हाइ-टेक डिफेंस आइटम बेचता है तो उससे पाकिस्तान पर कोई बुरा प्रभाव नहीं पड़ेगा। इस मौके पर व्हाइट हाउस के द्वारा एक बार फिर भारत के अफगानिस्तान में किए जा रहे कार्यों की सराहना की गई। उन्होंने कहा कि भारत और अमेरिका दोनों अफगानिस्तान का विकास चाहते हैं। वहां की अर्थव्यवस्था को आगे बढ़ाना चाहते हैं। भारत ने अफगानिस्तान में लोकतंत्र स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। वहीं शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र के साथ पार्लियमेंट बिल्डिंग बनाने में भी भारत ने अफगानिस्तान की मदद की है।
इसे भी पढ़ें: NSG में पाकिस्तान के लिए भारत की राह रोके खड़ा है चीन- रक्षा विशेषज्ञ