राजग सांसदों को नमो मंत्र: देश को दिखाएं नया पथ
सरकार की योजनाओं पर अमल और उनको जनता तक पहुंचाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सीधे राजग सांसदों को जिम्मेदार बना दिया है। 'दिवाली मिलन' के बहाने राजग सांसदों को चाय पार्टी पर बुलाकर प्रधानमंत्री ने गरीबों के लिए बनी योजनाओं को लागू करने के लिए पूरी ताकत से जुट जाने को कहा। पीएम ने कहा कि सकारात्मक ऊर्जा वाले चार सौ सांसदों का राजग आज एक बड़ी ताकत है। यह देश को नया पथ तैयार करने में मदद कर सकता है। उन्होंने कहा कि राजग सांसद ऐसी नजीर पेश कर
जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। सरकार की योजनाओं पर अमल और उनको जनता तक पहुंचाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सीधे राजग सांसदों को जिम्मेदार बना दिया है। 'दिवाली मिलन' के बहाने राजग सांसदों को चाय पार्टी पर बुलाकर प्रधानमंत्री ने गरीबों के लिए बनी योजनाओं को लागू करने के लिए पूरी ताकत से जुट जाने को कहा। पीएम ने कहा कि सकारात्मक ऊर्जा वाले चार सौ सांसदों का राजग आज एक बड़ी ताकत है। यह देश को नया पथ तैयार करने में मदद कर सकता है। उन्होंने कहा कि राजग सांसद ऐसी नजीर पेश करें कि सरकारी योजनाओं को अन्य दलों के सांसद भी अमली जामा पहनाने के लिए मजबूर हो जाएं।
प्रधानमंत्री आवास पर राजग सांसदों को मोदी के अलावा भाजपा अध्यक्ष अमित शाह व सरकार के वरिष्ठ मंत्रियों अरुण जेटली, नितिन गडकरी व वेंकैया नायडू ने भी संबोधित किया। चाय पार्टी का लब्बोलुआब यह था कि सरकार की योजना को किस तरह जनता तक पहुंचाया जाए। इस मौके पर शिवसेना समेत राजग के सभी घटक दल के सांसद मौजूद थे।
सांसदों को सीख:
-प्रधानमंत्री ने राजग सांसदों को स्वच्छ भारत अभियान को आंदोलन बनाने का मंत्र दिया।
-14 नवंबर को नेहरू जयंती पर स्कूलों में जाकर बच्चों को सफाई के लिए प्रेरित करने को कहा।
-मोदी ने सांसदों को बताया कि वे कैसे तमाम बड़े परिवर्तन का केंद्र बन सकते हैं।
-कोयला ब्लॉक आवंटन पर बदली नीति को जनता तक पहुंचाने को कहा। कोयला ब्लॉक आवंटन में अब दलाली का खेल ही खत्म हो गया है।
-सांसदों को कोई ऐसा सकारात्मक काम करना चाहिए, ताकि सामाजिक दायित्व का वहन दिखाई पड़े।
मंत्रियों का रिपोर्ट कार्ड:
-गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने सुरक्षा व्यवस्था पर सांसदों को जानकारी दी।
-वित्त मंत्री अरुण जेटली ने 'जन-धन योजना' के बारे में बताया। उन्होंने यह भी कहा कि पांच वर्षो में महंगाई सबसे निचले स्तर पर है।
-संसदीय कार्यमंत्री वेंकैया नायडू ने सभी सांसदों से अगले माह संसद के सत्र में पूरी तैयारी से आने को कहा।
-भूतल परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने सड़क परियोजनाओं और 'आदर्श ग्राम योजना' के बारे में बताया।
-श्रम मंत्री नरेंद्र तोमर ने 'श्रमेव जयते' योजना के बारे में जानकारी दी।
जीत का श्रेय शाह को :
प्रधानमंत्री ने हरियाणा और महाराष्ट्र की जीत का श्रेय भाजपा अध्यक्ष अमित शाह को देते हुए उनका सम्मान किया। साथ ही पार्टी सांसदों से झारखंड और जम्मू-कश्मीर की तरफ इशारा करते हुए वहां भी परचम फहराने का आह्वान किया।
'पंचवटी' में हुआ जुटान:
मोदी की ओर से चाय पार्टी प्रधानमंत्री आवास, सात रेसकोर्स रोड के 'पंचवटी' में आयोजित की गई। प्रधानमंत्री रहते हुए अटल बिहारी वाजपेयी ने इसका निर्माण कराया था। प्रधानमंत्री आवास में चार सौ सांसदों की पार्टी के लिए जगह का इंतजाम करना संसदीय कार्यमंत्री वेंकैया नायडू के लिए एक चुनौती थी। लेकिन 'पंचवटी' ने उनका काम आसान कर दिया। सांसदों की बड़ी संख्या से गदगद आडवाणी ने कहा कि पहली बार इतनी अच्छी दिवाली मनाई गई है।
'बड़ी सोचें। दूर की सोचें। राजनीति से ऊपर उठकर सोचें।'
-नरेंद्र मोदी, प्रधानमंत्री