मोहनलालगंज कांड: दुष्कर्म के बाद हुई थी महिला की हत्या
यूपी पुलिस का सबसे बड़ा झूठ कल खुल गया। लखनऊ के मोहनलालगंज में महिला की दरिंदगी से हत्या के मामले में कल आईं दो फोरेंसिक जांच रिपोर्ट के बाद पुलिस की कहानी तार-तार हो गई। रिपोर्ट में महिला से सामूहिक दुष्कर्म की पुष्टि हुई है तथा उसके नाखून में एक से अधिक मनुष्य की कोशिकाएं पाई गई हैं। रिपोर्ट ने अब तक किए गए पुलिस के दावों को झुठला दिया है। हालांकि डीआइजी नवनीत सिकेरा फोरेंसिक रिपोर्ट मिलने की बात से इन्कार कर रहे हैं।
लखनऊ। यूपी पुलिस का सबसे बड़ा झूठ कल खुल गया। लखनऊ के मोहनलालगंज में महिला की दरिंदगी से हत्या के मामले में कल आईं दो फोरेंसिक जांच रिपोर्ट के बाद पुलिस की कहानी तार-तार हो गई। रिपोर्ट में महिला से सामूहिक दुष्कर्म की पुष्टि हुई है तथा उसके नाखून में एक से अधिक मनुष्य की कोशिकाएं पाई गई हैं। रिपोर्ट ने अब तक किए गए पुलिस के दावों को झुठला दिया है। हालांकि डीआइजी नवनीत सिकेरा फोरेंसिक रिपोर्ट मिलने की बात से इन्कार कर रहे हैं।
मोहनलालगंज कांड में पुलिस ने गार्ड रामसेवक को गिरफ्तार कर दावा किया था कि उसने दुष्कर्म के प्रयास में यह दुस्साहसिक वारदात की थी। पुलिस ने यह भी दावा किया था कि रामसेवक ने अकेले ही वारदात की। उसने हेलमेट व बाइक की चाबी से हमला कर महिला को लहूलुहान कर दिया था। अत्याधिक रक्तस्राव से मौत हो गई। पुलिस ने रामसेवक के खिलाफ पर्याप्त फोरेंसिक व इलेक्ट्रानिक साक्ष्य होने का दावा भी किया था।
शनिवार को महानगर स्थित राज्य फोरेंसिक साइंस लैब से दो रिपोर्ट पुलिस को भेजी गई। लैब के निदेशक आरबी उपाध्याय का कहना है कि शनिवार को भी पुलिस ने कुछ नमूने जांच के लिए भेजे हैं जिनकी रिपोर्ट अगले सप्ताह तक सौंपी जाएगी। हालांकि उन्होंने गोपनीयता का हवाला देते हुए जांच रिपोर्ट के बारे में कुछ कहने से इन्कार कर दिया। सूत्रों का कहना है कि फोरेंसिक रिपोर्ट में महिला के नाखून में मिक्स्ड प्रोफाइल पाया गया है।
यानी उसके नाखून में एक से अधिक व्यक्ति की कोशिकाएं हैं। हालांकि यह भी माना जा रहा है कि अतिरिक्त कोशिकाएं उसके बच्चों की भी हो सकती हैं। बच्चों के नमूने लेकर उनका मिलान कराने पर इसकी पुष्टि हो सकेगी। इससे अब घटनास्थल पर एक से अधिक व्यक्ति के मौजूद होने की आशंका और प्रबल हो गई है। दूसरी ओर डीआइजी नवनीत सिकेरा भी फोरेंसिक जांच रिपोर्ट मिलने की जानकारी होने से इन्कार कर रहे हैं।