देश के विकास में आदिवासी समुदाय का बड़ा योगदान: पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि संकट में कैसे रहा जाता है इसके लिए शहरवासियों को आदिवासीयों से सीखना चाहिए।
नई दिल्ली, (जेएनएन)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज पहले नेशनल ट्राइबल कार्निवाल का उद्घाटन किया। दिल्ली में इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में आयोजित हो रहे इस कार्यक्रम में देश भर से आए जनजातीय कलाकार प्रदर्शन करेंगे। ये कार्निवाल चार दिनों तक चलेगा।
पीएम मोदी ने कार्निवाल के उद्घाटन के बाद वहां मौजूद लोगों को संबोधित किया। मोदी ने कहा कि इस बार दिल्ली में आदिवासी भाईयों के साथ दिवाली मनाई जाएगी।
उन्होंने कहा कि 'संकट में कैसे रहा जाता है इसके लिए शहरवासियों को आदिवासीयों से सीखना चाहिए। अभावों एवं काफी परेशानियों के बावजूद जीवन जीने का ऐसा तरीका बनाया, हर पल ख़ुशी, कदम से कदम मिलाकर चलाकर चलना, ये उन्होंने सिखाया है। भारत जैसे विशाल देश में विविधताओं को संजोये रखना एवं इन्हें भारत की एकता के रूप में प्रदर्शित करना ही देश के ताकत को बढ़ाता है।'
मोदी ने कहा कि वनबंधु कल्याण योजना के तहत जनजातीय समुदायों की आवश्यकताओं को प्राथमिकता दी जा रही है और हम इस दिशा में काम कर रहे हैं। वनों को हमारे जनजातीय समुदायों ने बचाया है। भारत सरकार राज्य सरकारों की मदद से आदिवासियों को जमीन के पट्टे देने का बड़ा अभियान चला रही है।