पीएम मोदी ने सुषमा स्वराज को दी जन्मदिन की बधाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री राजनाथ सिंह और वित्तमंत्री अरुण जेटली ने आज ट्वीट कर विदेश मंत्री सुषमा स्वराज को जन्मदिन की बधाई दी।
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री राजनाथ सिंह और वित्तमंत्री अरुण जेटली ने आज ट्वीट कर विदेश मंत्री सुषमा स्वराज को जन्मदिन की बधाई दी।
सुषमा का जन्म 14 फरवरी, 1952 को हरियाणा के अंबाला कैंट में हरदेव शर्मा व लक्ष्मी देवी के घर हुआ था। उनके पिता आरएसएस के एक प्रमुख सदस्य थे। सुषमा के माता-पिता पाकिस्तान के लाहौर के धरमपुरा इलाके के रहने वाले थे। देश के विभाजन के बाद वे अंबाला आकर बस गए।
2009 में भाजपा ने सुषमा को लोकसभा में विपक्ष की नेता मनोनीत किया था। अटल बिहारी वाजपेयी सरकार में भी वह मंत्री रह चुकी हैं। 1998 में वह कुछ दिनों के लिए दिल्ली की मुख्यमंत्री भी रहीं थी। पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के बाद वह दूसरी महिला हैं, जिन्हें विदेश मंत्रालय की जिम्मेदारी सौंपी गईं।
वह संसद के लिए सात बार और विधानसभा के लिए तीन बार चुनी गईं। वर्ष 1977 में हरियाणा कैबिनेट में वह 25 साल की उम्र में मंत्री बन गईं थी। वर्ष 2014 में हुए आम चुनाव में वह मध्य प्रदेश के विदिशा से दूसरी बार सांसद चुनी गईं। 26 मई 2014 को उन्हें विदेश मंत्रालय की जिम्मेदारी सौंपी गई।