आडवाणी ने सुषमा, वसुंधरा और शिवराज को बचाया : अशोक गहलौत
राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलौत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर युवाओं को गुमराह करने का आरोप लगाया है। गहलौत आज लखनऊ में राजीव स्टडी सर्किल के एक सेमीनार में शिरकत कर रहे हैं।
लखनऊ। राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने रविवार को आरोप लगाया कि वरिष्ठ भाजपा नेता लालकृष्ण आडवाणी ने विदेश मंत्री सुषमा स्वराज, राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधराराजे सिंधिया व मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज चौहान को इस्तीफा देने से बचाया।
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री गहलोत ने कहा कि वसुंधरा, सुषमा व चौहान के मुद्दे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चुप्पी यह दर्शाती है कि वह मानते हैं कि इन तीनों पर लगे आरोप सही हैं। इन तीनों को बचाने के लिए आडवाणी ने देश में इमरजेंसी जैसे हालात की आश्ंाका जता कर पहले प्रधानमंत्री पर निशाना साधा, जिससे मोदी दबाव में आ गए। इसके बाद आडवाणी ने बड़ी सफाई से इमरजेंसी की बात को कांग्रेस की तरफ मोड़ दिया। भाजपा की अंदरूनी राजनीति के चलते मोदी इन तीनों के खिलाफ कोई कदम उठाने का साहस नहीं दिखा सके।
वसुंधरा अपने खिलाफ मामलों की जांच सीबीआइ से कराएं
राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि 108 एंबुलेंस को लेकर उन पर लगाए जा रहे आरोपों का कोई मतलब ही नहीं है। एंबुलेंस के संचालन में किसी अनियमितता के लिए मुख्यमंत्री को कैसे जिम्मेदार ठहराया जा सकता है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार चुन-चुन कर कांग्रेस के नेताओं को मिथ्या आरोपों में घेरने की कोशिशें कर रही हैं। उन्होंने कहा कि वसुंधरा राजे अपने व पुत्र के खिलाफ भ्रष्टाचार के मामलों की जांच सीबीआइ से कराएं।
व्यवधान की परंपरा भाजपा ने ही डाली
गहलोत ने कहा कि पंडित सुखराम को लेकर भाजपा ने 12 दिन तक संसद नहीं चलने दी थी लेकिन बाद में उन्हीं के साथ मिलकर हिमाचल में सरकार बना ली। उन्होंने कहा कि आरोप लगने पर कांग्रेस के शासनकाल में जनभावना के अनुरूप हाई कमान इस्तीफा लेता था लेकिन भाजपा के दोषी मंत्रियों के इस्तीफे की मांग पर संतोषजनक जवाब नहीं मिला।
मुलायम को समर्थन छोटा व माया से तालमेल बड़ा 'ब्लंडर '
उत्तर प्रदेश में कांग्रेस की खराब हालत के बारे में पूछे जाने पर गहलोत ने कहा कि मुलायम सिंह यादव और मायावती से कांग्रेस को नुकसान पहुंचा। मुलायम को समर्थन छोटी भूल थी लेकिन मायावती से 125 सीटें लेकर किए गए तालमेल से कांग्रेस को खासा नुकसान पहुंचा।
जब काम हो तो भ्रष्टाचार का आरोप भी लगे
यह पूछे जाने पर कि मोदी सरकार पर भ्रष्टाचार का कोई आरोप नहीं लगा है, अशोक गहलोत ने कहा कि मोदी सरकर ने अब तक केवल बातें की हैं। कोई कामकाज तो किया नहीं है। जब काम होगा तो ही भ्रष्टाचार होगा।
जुमलों से नहीं चलता देश
लखनऊ विश्वविद्यालय में एक सेमिनार में अशोक गहलोत ने प्रधानमंत्री मोदी पर निशाना साधा कि जुमलों से देश नहीं चलता, त्याग करना पड़ता है। पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और राजीव गांधी ने देश से आतंकवाद मिटाने का संकल्प पूरा करने की कोशिश में ही अपने प्राणों की आहुति दे दी। आज मंगलयान अगर मंगल ग्रह पर पहुंचा है तो 33 साल पहले इंदिरा गांधी द्वारा खोले गए इसरो की देन है। सूचना प्रौद्योगिकी की क्रांति पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी लाए। ऐसे में प्रधानमंत्री मोदी देश में युवाओं को गुमराह न करें।