कुर्बानी न देने की अपील पर महिला पेटा सदस्य की पिटाई
जानवरों के अधिकार के लिए काम करने वाली संस्था पीपुल्स फॉर एथिकल ट्रीटमेंट ऑफ एनिमल [पेटा] के सदस्यों द्वारा बकरीद पर कुर्बानी न करने की अपील के लिए आयोजित प्रदर्शन में जमकर हंगामा हुआ।
भोपाल, नई दुनिया। जानवरों के अधिकार के लिए काम करने वाली संस्था पीपुल्स फॉर एथिकल ट्रीटमेंट ऑफ एनिमल [पेटा] के सदस्यों द्वारा बकरीद पर कुर्बानी न करने की अपील के लिए आयोजित प्रदर्शन में जमकर हंगामा हुआ। गुस्साई भीड़ ने पेटा की एक महिला सदस्य सुरैया बेनजीर की पिटाई कर दी। पुलिस की जीप पर भी पथराव किया गया जिसमें एक पुलिसकर्मी घायल हो गया। कुछ लोगों को भी मामूली चोटें आई। प्रदर्शन में सुरैया पत्तियों से बना बुर्का पहनकर आई थीं। पुलिस ने पेटा सदस्यों के खिलाफ धार्मिक भावनाएं भड़काने का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पेटा के तीन सदस्य सोमवार को सुरैया बेनजीर के नेतृत्व में 12 बजे प्रदर्शन के लिए ताजुल मस्जिद के सामने पहुंचने वाले थे। इसकी सूचना पहले से ही मुस्लिम समुदाय के लोगों के पास थी। करीब 200 लोग सुबह 11 बजे ही प्रदर्शन स्थल पर पहुंच गए। जैसे ही सुरैया बेनजीर पत्तियों से बना बुर्का पहनकर हाथ में तख्ती लिए वहां पहुंची, लोग उग्र हो गए। भीड़ को देखकर पेटा सदस्यों ने भागने की कोशिश की, लेकिन प्रदर्शनकारियों ने उन्हें घेर लिया। नाराज भीड़ उनसे माफी मांगने व वापस जाने की मांग कर रही थी। काफी मशक्कत के बाद पुलिस सभी को बाहर निकाल कर ले गई।