अदनान सामी का वीजा तीन माह के लिए बढ़ा
केंद्रीय गृह मंत्रालय ने पाकिस्तानी गायक-संगीतकार अदनान सामी का वीजा तीन महीने के लिए बढ़ा दिया है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने गुरुवार को यह जानकारी दी। गौरतलब है कि मुंबई पुलिस ने वीजा अवधि समाप्त होने के बावजूद भारत में रहने पर अदनान को नोटिस जारी किया है।
मुंबई। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने पाकिस्तानी गायक-संगीतकार अदनान सामी का वीजा तीन महीने के लिए बढ़ा दिया है। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने गुरुवार को यह जानकारी दी। गौरतलब है कि मुंबई पुलिस ने वीजा अवधि समाप्त होने के बावजूद भारत में रहने पर अदनान को नोटिस जारी किया है।
पढ़ें : अदनान के घर घुसीं महिला फैन
पुलिस उपायुक्त [विशेष शाखा] संजय शिंत्रे ने कहा कि अदनान के वीजा की अवधि गत छह अक्टूबर को समाप्त हो गई थी। एक अधिकारी ने बताया कि शिंत्रे के कार्यालय में गृह मंत्रालय का फैक्स आया है, जिसमें गायक के वीजा की अवधि तीन माह और बढ़ाए जाने की सूचना दी गई है। 44 वर्षीय अदनान लंबे समय से भारत में रह रहे हैं। गत मंगलवार को मुंबई पुलिस ने उन्हें नोटिस भेज कर वीजा की निर्धारित अवधि से अधिक भारत में रहने का कारण बताने को कहा था। साथ ही उन्हें एक सप्ताह के भीतर वीजा का नवीनीकरण कराने को भी कहा गया था। नोटिस पर अदनान ने कहा था, मैंने 14 सितंबर को वीजा की अवधि बढ़ाने के लिए दिल्ली स्थित गृह मंत्रालय के दफ्तर में अर्जी दाखिल कर दी थी। इस प्रक्रिया का पालन हर विदेशी को करना पड़ता है और मैं भी पिछले 14 साल से इसका पालन कर रहा हूं। जब तक मेरे वीजा की अवधि नहीं बढ़ाई जाती, मुझे यहीं रहना होगा।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर