पाकिस्तान नहीं लौटना चाहता हिंदू परिवार
एक महीने के टूरिस्ट वीजा पर भारत आया हिंदू परिवार अब पाकिस्तान लौटना नहीं चाहता। पाकिस्तान के सिंध प्रांत के जिला हैदराबाद स्थित सुल्तानशाह कालीबोरी गर्वमेंट कॉलेज रोड निवासी सोमलो अपने परिवार के 23 सदस्यों के साथ 21 फरवरी 15 को एक महीने के टूरिस्ट वीजा पर भारत आया था।
मथुरा, जागरण संवाददाता। एक महीने के टूरिस्ट वीजा पर भारत आया हिंदू परिवार अब पाकिस्तान लौटना नहीं चाहता। पाकिस्तान के सिंध प्रांत के जिला हैदराबाद स्थित सुल्तानशाह कालीबोरी गर्वमेंट कॉलेज रोड निवासी सोमलो अपने परिवार के 23 सदस्यों के साथ 21 फरवरी 15 को एक महीने के टूरिस्ट वीजा पर भारत आया था। वीजा की समय अवधि समाप्त हो गई, पर यह परिवार अब तक पाकिस्तान नहीं लौटा है।
शुक्रवार को तेजी से चर्चा उठी कि शहर में किसी स्थान से दर्जनों पाकिस्तानियों को गिरफ्तार किया गया है। जबकि हकीकत में यात्री वीजा पर भारत आए पाकिस्तानी हिंदू परिवार ने यहां पुलिस के साए में गुरुवार रात गुजारी। दरअसल उक्त परिवार गुजरात के पाटण शहर में अवैध रूप से निवास कर रहा था। पाटण के थाना हरारिज पुलिस ने इस हिंदू परिवार को अवैध रूप से भारत में निवास करने के आरोप में पकड़ा। इसी के साथ ही दूतावास से संपर्क कर इन्हें पाकिस्तान भेजने की कार्रवाई प्रारंभ कर दी थी।
सोमलो ने बताया कि उन्होंने भारत में शरण लेने के लिए राष्ट्रपति से मंजूरी मांगी है। दिल्ली कोर्ट में याचिका भी दाखिल कर रखी है। मगर अभी तक उन्हें अनुमति नहीं मिल सकी है। इसी की पड़ताल को गुजरात पुलिस उन्हें दिल्ली लेकर आई थी। दिल्ली से उन्हें वापस गुजरात ले जाने को कहा है। दिल्ली से गुजरात लौटते वक्त गुजरात पुलिस ने इन्हें गुरुवार-शुक्रवार की रात मथुरा में ठहराया था। वहीं हिंदू महासभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. राकेश रंजन ने गुजरात पुलिस पर मथुरा में बंधक बनाने का आरोप लगाया है। हालांकि सोमलो ने बंधक बनाने के आरोप से पूरी तरह इन्कार किया है।