'दुनिया का सबसे खतरनाक देश है पाक'
अमेरिकी खुफिया एजेंसी सीआईए के एक पूर्व अधिकारी ने पाकिस्तान को दुनिया का सबसे खतरनाक देश बताया है। केविन हलबर्ट ने पाकिस्तान में आतंकवाद, कमजोर अर्थव्यवस्था और परमाणु हथियारों के जखीरे की ओर ध्यान खींचते हुए यह बात कही है।
वाशिंगटन। अमेरिकी खुफिया एजेंसी सीआईए के एक पूर्व अधिकारी ने पाकिस्तान को दुनिया का सबसे खतरनाक देश बताया है। केविन हलबर्ट ने पाकिस्तान में आतंकवाद, कमजोर अर्थव्यवस्था और परमाणु हथियारों के जखीरे की ओर ध्यान खींचते हुए यह बात कही है। उन्होंने कहा है कि पाकिस्तान आतंकवाद को लेकर दोहरा मापदंड अपनाता है और भारत के खिलाफ छद्म युद्ध के लिए आतंकियों का समर्थन करता रहता है।
2014 में सीआइए से रिटायर हुए केविन कई देशों में तैनात रहे हैं। एक लेख में उन्होंने कहा है कि पाकिस्तान में हालात गलत दिशा में जा रहे हैं। इस स्थिति से उसे निकालने के लिए उससे दूर भागने की बजाय उससे संबंधों का स्तर बढ़ाना होगा। वहां की एक बड़ी आबादी तालिबान और अन्य आतंकी गुटों को खतरनाक नहीं मानती। आतंकियों को वे ऐसा सैनिक मानते हैं जो अपना धार्मिक कर्तव्य निभा रहे हैं।
उन्होंने कहा है पाकिस्तान में अल-कायदा के खिलाफ लड़ाई को अमेरिकी लड़ाई माना जाता है। इन सब कारणों से वह बहुत ही जटिल सुरक्षा हालात में उलझ गया है जहां उसके पास अच्छे और बुरे आतंकवाद के बीच फर्क करना मुश्किल हो गया है। लश्कर-ए-तय्यबा, लश्कर-ए-झांगवी, तालिबान और अन्य आतंकी गुट पाकिस्तान की चुनी हुई सरकार को गिराना चाहते हैं।