नहीं बाज आया पाक फिर अलापा कश्मीर राग, गोलीबारी की तोहमत मढ़ी
नई दिल्ली में पाकिस्तान के उच्चायुक्त अब्दुल बासित ने भी कहा है, कश्मीर समस्या का समाधान कश्मीरियों की चाहत की अनुरूप होना चाहिए।
इस्लामाबाद, प्रेट्र। पाकिस्तान ने एक बार फिर से कश्मीर की अशांति के लिए भारत पर तोहमत मढ़ी है। कहा है कि वह बातचीत के जरिये कश्मीर मुद्दा सुलझाना चाहता है लेकिन भारत लगातार संघर्ष विराम का उल्लंघन करके क्षेत्रीय शांति को खतरे में डाल रहा है। यह बात पाकिस्तान के गणतंत्र दिवस के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में वहां के राष्ट्रपति ममनून हुसैन ने कही है।
नई दिल्ली में पाकिस्तान के उच्चायुक्त अब्दुल बासित ने भी कुछ वैसी ही जुबान बोली है। कहा है, कश्मीर समस्या का समाधान कश्मीरियों की चाहत की अनुरूप होना चाहिए। उल्लेखनीय है कि पाकिस्तान आजादी के बाद से कश्मीर में अलगाववाद को बढ़ावा दे रहा है और आतंकी भेजकर वहां हमले कराता है।
यह भी पढ़ें- पाकिस्तान में महिलाओं के लिए चलेंगी पिंक टैक्सी
राष्ट्रपति ने कहा, कश्मीर समस्या के समाधान के लिए पाकिस्तान भारत के साथ वार्ता के लिए तैयार है। यह मुद्दा आजादी के बाद ही उलझा हुआ है जिसे हमें सुलझाना है। उन्होंने कहा, पाकिस्तान दुनिया के हर देश के साथ शांति और दोस्ताना रिश्ते चाहता है, पड़ोसियों का इसमें खास महत्व है। लेकिन भारत का गैरजिम्मेदाराना रवैया इसमें रुकावट डाल रहा है। राष्ट्रपति ने नियंत्रण रेखा पर होने वाली गोलीबारी के लिए भारत को जिम्मेदार ठहराया। कहा कि भारतीय सुरक्षा बल संघर्ष विराम का लगातार उल्लंघन करते रहते हैं जिससे शांति को लेकर खतरा पैदा होता है।
यह भी पढ़ें- शरीफ से गुप्त समझौता करना चाहते थे मुशर्रफ
हुसैन ने कहा कि पाकिस्तान की सैन्य ताकत और परमाणु क्षमता दुनिया और क्षेत्रीय शांति के लिए जरूरी है। पाकिस्तान की गणतंत्र दिवस परेड में पहली बार चीन और सऊदी अरब की सेनाओं ने भी मार्चपास्ट में हिस्सा लिया। तुर्की सेना के मेहर बैंड ने भी लोगों का मनोरंजन किया।
कश्मीरियों की इच्छानुसार हो कश्मीर का समाधान
नई दिल्ली स्थित पाकिस्तानी उच्चायोग में आयोजित कार्यक्रम में उच्चायुक्त बासित ने कहा, पाकिस्तान भारत के साथ शांतिपूर्ण और अच्छे रिश्ते चाहता है। इसलिए वह कश्मीर समस्या का समाधान वहां के लोगों की इच्छानुसार चाहता है। इस मौके पर बासित ने कश्मीर के अलगाववादी आंदोलन के सफल होने की कामना की।