पाकिस्तान ने संघर्ष विराम उल्लंघन पर भारतीय राजनयिक को किया तलब
पाकिस्तानी विदेश विभाग ने बताया कि इस्लामाबाद में तैनात भारत उप उच्चायुक्त जेपी सिंह को महानिदेशक ने तलब किया।
इस्लामाबाद, प्रेट्र। पाकिस्तान ने मंगलवार को भारतीय राजनयिक को तलब कर संघर्षविराम उल्लंघन को लेकर विरोध दर्ज कराया। पाकिस्तानी विदेश विभाग ने बताया कि इस्लामाबाद में तैनात भारत उप उच्चायुक्त जेपी सिंह को महानिदेशक (दक्षिण एशिया एवं दक्षिण एशियाई क्षेत्रीय सहयोग संगठन) ने तलब किया।
विदेश विभाग ने बयान जारी कर कहा है कि भारतीय बलों द्वारा 23 और 24 अक्टूबर को फुकलियान और चापरार सेक्टर में कामकाजी सीमा पर संघर्षविराम का बेवजह उल्लंघन किया गया। इन घटनाओं में डेढ़ साल की एक लड़की सहित दो नागरिक मारे गए और छह अन्य घायल हो गए। डॉन के अनुसार पाकिस्तान ने संयुक्त राष्ट्र सैन्य पर्यवेक्षक समूह से भी इसकी शिकायत की है।
गौरतलब है कि भारत के सर्जिकल स्ट्राइक के बाद से पाकिस्तान 40 से ज्यादा बार संघर्षविराम का उल्लंघन कर चुका है। सोमवार को पाकिस्तानी रेंजर्स ने सीमा पर 25 से ज्यादा चौकियों को निशाना बनाया था। इन घटनाओं में एक छह साल के बच्चे और एक बीएसएफ जवान की मौत हो गई थी। आठ नागरिकों सहित 10 अन्य घायल हो गए थे।
पढ़ेंः पाक ने फिर किया सीजफायर का उल्लंघन, सीमा पर दागे मोर्टार; आठ घायल