ममता बनर्जी विमान मामला: मुख्यमंत्री की जान लेने की हो रही है कोशिश : विपक्ष
ममता बनर्जी की फ्लाइट लैंडिंग का मुद्दा आज संसद के दोनों सदनों में उठा। इस मामले पर विपक्ष ने सरकार को घेरने की कोशिश की।
नई दिल्ली (जेएनएन)। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के विमान में ईंधन कम होने का मामला आज संसद के दोनों सदनों में उठा, जिसके बाद संसद की कार्रवाई भी कई बार बाधित हुई। तृणमूल कांग्रेस ने सीधा आरोप लगाया कि ममता बनर्जी की जान लेने की कोशिश की जा रही है।
मामले पर सफाई देते हुए केंद्रीय नागर विमानन मंत्री अशोक गजपति राजू ने कहा कि घटना वाले दिन तीन विमान में कम ईंधन होने की बात कही गयी है। पूरे मामले डीजीसीए ने तीन विमानों में कम ईंधन होने के मामले में जांच का आदेश दिया है। इस मामले में पूरे विपक्ष ने प्रतिक्रिया दी है। आइए जानते हैं किस पार्टी ने क्या कहा-
पढ़ें- नोटबंदी पर राज्यसभा में एक सुर में बोले विपक्षी सांसद, पीएम दें जवाब
- मो. सलीम, सीपीआई (एम)- इसी मामले की ही नहीं, बल्कि उन मामलों की भी जांच होनी चाहिए जहां ममता बनर्जी ने कहा है कि उन्हें मारने की कोशिश की जा रही है।
- सुदीप बंधोपाध्याय, तृणमूल कांग्रेस- ममता को लेकर आ रही इंडिगो की फ्लाइट में फ्यूल कम था, इसके बावजूद उसे काफी वक्त तक लैंड न कराके चक्कर काटने के लिए कहा गया। ममता की जान को इससे खतरा हो सकता था, यह एक साजिश थी।
- मल्लिकार्जुन खड़गे, कांग्रेस- ममता बनर्जी नोटबंदी के फैसले के विरोध में प्रदर्शन के लिए देशभर में दौरे कर रहीं हैं। उनकी जैसी अति महत्वपूर्ण शख्सियतों के विमानों को प्राथमिकता के साथ उतरने की अनुमति दी जानी चाहिए। बनर्जी की जान को खतरा था-
- रामगोपाल यादव, सपा- इस मामले की जांच होनी चाहिए और रिपोर्ट सदन में रखी जानी चाहिए।
- शरद यादव, जेडीयू- सरकार इस मामले में तुरंत जांच के तुरंत आदेश दें।
- मायावती, बसपा- इस मामले को राजनीति से अलग हटकर देखना चाहिए और मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए
- अशोक गजपति राजू, केंद्रीय नागर विमानन मंत्री - एक साथ तीन फ्लाइट में कम ईंधन की शिकायत आई थी। इसकी जांच का आदेश भी दिया गया है कि आखिर तीन विमानों में एक साथ ईंधन कैसे कम हो गए?
- जयंत सिन्हा, विमान राज्य मंत्री- फिलहाल डीजीसीए ने जांच के आदेश दिए हैं। फ्लाइट की लैंडिंग को लेकर चूक करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
- अनंत कुमार, केंद्रीय रसायन एवं उर्वरक मंत्री- फ्लाइट लैंडिंग का मामला गंभीर है। ममता बनर्जी और फ्लाइट में मौजूद यात्रियों की सुरक्षा बेहद गंभीर मामला है। हम इस मामले को लेकर गंभीर हैं।