विमान में महिला के सामने की अश्लील हरकत, एयरपोर्ट पर गिरफ्तार
आरोपी व्यक्ति महिला के साथ वाली सीट पर बैठा था। घटना की जानकारी के बाद महिला को दूसरी सीट पर बैठाया गया।
नई दिल्ली(ब्यूरो)। हवाई यात्रा के दौरान इंडिगो के विमान में बैठे व्यक्ति ने महिला के सामने अश्लील हरकत की। पुलिस ने 56 साल के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। घटना हैदराबाद से दिल्ली आने वाली फ्लाइट की है। आरोपी व्यक्ति महिला के साथ वाली सीट पर बैठा था। घटना की जानकारी के बाद महिला को दूसरी सीट पर बैठाया गया। वहीं, आईजीआई एयरपोर्ट पर आरोपी यात्री को पुलिस के हवाले कर दिया।
आरोपी की पहचान रोहिणी निवासी रामेश चंद के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक हैदरबाद से शनिवार सुबह इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6ई-846 ने दिल्ली के लिए उड़ान भरी थी। उस विमान में हैदराबाद निवासी 44 साल की महिला सफर कर रही थीं। उनकी साथ वाली सीट में दिल्ली निवासी रमेश चंद बैठा था।
आरोप है कि विमान यात्रा के दौरान वह अश्लील हरकत करने लगा। जैसे ही उस पर महिला की नजर पड़ी तो आपत्ति जताते हुए उन्होंने इसकी सूचना फ्लाइट की क्रू मेंबर को दी। विमान करीब 10 बजे आईजीआई एयरपोर्ट पर उतरा। जिसके बाद एयरलाइंस के सुरक्षाकर्मियों ने आरोपी को दबोच पुलिस के हवाले कर दिया।