एनआरआई बलवंत करेंगे कन्याकुमारी से दिल्ली तक पदयात्रा
पदयात्रा छह महीने में पूरा करेंगे और धर्मार्थ कार्यों के लिए 15 लाख पौंड (करीब 15 करोड़ रुपये) जुटाएंगे।
लंदन। अस्सी वर्षीय परोपकारी एनआरआई बलवंत ग्रेवाल कन्याकुमारी से नई दिल्ली तक की 4160 किमी लंबी पदयात्रा छह महीने में पूरा करेंगे और धर्मार्थ कार्यों के लिए 15 लाख पौंड (करीब 15 करोड़ रुपये) जुटाएंगे।
इंडिया एसोसिएशन के अध्यक्ष ग्रेवाल अपनी मैराथन पदयात्रा 25 अक्टूबर को कन्याकुमारी से शुरू करेंगे और अगले साल चार अप्रैल को नई दिल्ली में समाप्त करेंगे। दोस्तों में बॉबी नाम से मशहूर लंदन निवासी ग्रेवाल की पदयात्रा मदुरै, पुडुचेरी, चेन्नई, नेल्लोर, गुंटूर, विशाखापत्तनम, भुवनेश्वर, कोलकाता, आसनसोल, रांची, गया, पटना, वाराणसी, इलाहाबाद, कानपुर, लखनऊ और नोएडा होकर गुजरेगी।
इसके पहले धर्मार्थ कार्यों और ब्रिटेन व भारत में कैंसर के शोध के लिए ग्रेवाल अमृतसर से कन्याकुमारी और एडिनबर्ग से लंदन तक की पदयात्रा कर चुके हैं। ग्रेवाल की आगामी पदयात्रा उनकी उम्र को देखते हुए चुनौतीपूर्ण मानी जा रही है। इस सफर के दौरान ही वह अपना 81वां जन्मदिन मनाएंगे।