अब लक्ष्य राज्यों में सत्ता परिवर्तन: शाह
भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि लोकसभा चुनाव के अब राज्यों में सत्ता परिवर्तन और सुशासन का काम करना है।
हरिद्वार, ब्यूरो। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि लोकसभा चुनाव के साथ ही कांग्रेस मुक्त भारत का पहला चरण पूरा हो चुका है। उन्होंने कहा कि अब राज्यों में सत्ता परिवर्तन और सुशासन का काम करना है। उन्होंने गंगा की निर्मलता के प्रति केंद्र सरकार की प्रतिबद्धता जाहिर की, तो कांग्रेस पर भी निशाना साधा। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि 'नमामि गंगे' अभियान का आगाज हो चुका है और सरकार इसे अंजाम तक पहुंचाएगी। मोदी सरकार के सौ दिन के कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाते हुए उन्होंने कहा कि इन सौ दिनों ने देश की दशा और दिशा तय कर दी है। संप्रग सरकार की पहली कैबिनेट ने पोटा को खत्म करने का काम किया और मोदी सरकार ने काले धन के लिए एसआईटी का गठन किया।
रविवार को बाबा रामदेव के संस्थान पतंजलि योगपीठ में कर्मचारियों के लिए बने आवास "सेवा सदन" का उद्घाटन करते हुए अमित शाह ने कहा कि गंगा की निर्मलता के लिए चल रहा अभियान सिर्फ सरकारी अभियान नहीं है, बल्कि यह अब जनता का अभियान बन चुका है। केंद्र इसके लिए धन की कमी आड़े नहीं आने देगा। इस अवसर पर बाबा रामदेव ने कहा कि उत्तराखंड आपदा के समय देश की शीर्ष सत्ता खामोश रही। कश्मीर में आई आपदा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जो काम किया, उसकी हर ओर सराहना हो रही है। बाबा ने बाढ़ पीड़ितों के लिए एक करोड़ रुपये की सहायता देने का एलान किया।