16 पूर्व मंत्रियों को दिया बंगला खाली करने का नोटिस
संप्रग सरकार में मंत्री रहे नेता चुनाव हार जाने के बाद भी दिल्ली के बंगलों का मोह नहीं छोड़ पा रहे हैं। संप्रग सरकार में मंत्री रहे 16 नेता समय बीत जाने के बाद भी पिछले एक महीने से सरकारी बंगलों में अनाधिकृत रूप से जमे हुए हैं।
नई दिल्ली [जागरण ब्यूरो]। संप्रग सरकार में मंत्री रहे नेता चुनाव हार जाने के बाद भी दिल्ली के बंगलों का मोह नहीं छोड़ पा रहे हैं। संप्रग सरकार में मंत्री रहे 16 नेता समय बीत जाने के बाद भी पिछले एक महीने से सरकारी बंगलों में अनाधिकृत रूप से जमे हुए हैं।
लोकसभा में एक लिखित सवाल के जवाब में शहरी विकास मंत्री वेंकैया नायडू ने बताया कि सभी को बंगले खाली करने के लिए नोटिस दिए गए हैं। सरकार के जवाब के मुताबिक, अनाधिकृत रूप से सरकारी बंगलों में रहने के चलते मंत्रियों पर 21 लाख रूपए की पैनल्टी बनती है। सरकारी बंगलों में रहने वालों की सूची में कपिल सिब्बल, फारूक अब्दुल्ला, जयपाल रेड्डी और सचिन पायलट का नाम शामिल है।
वेंकैया नायडू ने बताया कि 21 अन्य पूर्व मंत्री छोटे बंगलों में रह रहे हैं। उन्हें नए घरों में शिफ्ट होने के लिए 15 दिन का वक्त दिया गया है। विभिन्न संसदीय समितियों से जुड़े होने के कारण ये सभी इसके हकदार हैं।
सरकार की ओर से संसद में दिए गए इस जवाब में अपना नाम शामिल देख मनमोहन सरकार में शहरी विकास मंत्री रहे जयपाल रेड्डी ने कहा कि उन्होंने पांच दिन पहले ही अपना बंगला खाली कर दिया है। रेड्डी के मुताबिक शहरी विकास मंत्री जैसा मंत्रालय संभालने के बावजूद उनके पास न तो दिल्ली में कोई फ्लैट है और न ही प्लाट। इसलिए वह हैदराबाद शिफ्ट हो गए हैं।