उपद्रवी यात्रियों की उड़ान प्रतिबंधित करने पर फैसला नहीं
अधिकारियों ने कहा है कि जुलाई के पहले सप्ताह में नियम सार्वजनिक कर दिया जाएगा।
नई दिल्ली, प्रेट्र। उपद्रवी यात्रियों के लिए राष्ट्रीय उड़ान प्रतिबंध सूची पर कोई फैसला नहीं हो पाया। नागरिक उड्डयन मंत्रालय के शीर्ष अधिकारियों ने बुधवार को इस मुद्दे पर बैठक की। बैठक में अधिकारियों ने इस सूची में चालक दल के सदस्यों और ग्राउंड स्टाफ को भी शामिल करने पर चर्चा की। लेकिन असमंजस बना रह गया।
सूची तैयार करने का काम अपने अंतिम चरण में है। अधिकारियों ने कहा है कि जुलाई के पहले सप्ताह में नियम सार्वजनिक कर दिया जाएगा। पिछले महीने सरकार ने उड़ान प्रतिबंध सूची पर नियम सार्वजनिक किया था और भागीदारों से राय मांगी गई थी।
कुछ लोगों ने मंत्रालय को भेजी गई राय में नियम को एकतरफा कहा है। लोगों ने चालक दल के सदस्यों के व्यवहार के लिए विमान कंपनी को भी जवाबदेह बनाने की मांग की है। लेकिन बुधवार को हुई बैठक में अधिकारी इस दिशा में कोई निर्णय नहीं ले पाए।
यह भी पढ़ें: हिज्बुल कमांडर की घेराबंदी के लिए चलाया तलाशी अभियान