एयरफोर्स के लापता विमान का तीसरे दिन भी कोई सुराग नहीं
नौसेना और तटरक्षक बल के 18 जहाजों और एक पनडुब्बी के जरिये लगातार बंगाल की खाड़ी में खोज अभियान जारी है।
चेन्नई, प्रेट्र। वायुसेना के लापता परिवहन विमान एएन-32 का तीसरे दिन भी कोई सुराग नहीं मिला है। बचाव दल ने कोई सुराग पाने के लिए अब इसरो से उपग्रह की तस्वीरें मुहैया कराने का अनुरोध किया है। खराब मौसम और बारिश से खोज अभियान में बाधा आ रही है। समय बीतने के साथ ही अभियान में लगे लोगों और लापता यात्रियों के परिजनों की निराशा बढ़ने लगी है। नौसेना और तटरक्षक बल के 18 जहाजों और एक पनडुब्बी के जरिये लगातार बंगाल की खाड़ी में खोज अभियान जारी है। इसके अलावा पी-81, सी-130 और डोर्नियर जैसे आठ विमान भी अभियान में लगे हुए हैं।
पूर्वी नौसेना कमान के प्रमुख वाइस एडमिरल एचसीएस बिष्ट ने रविवार को विशाखापत्तनम में बताया कि विमान की अब तक कोई निशानी नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि जहां पर विमान गायब हुआ उस इलाके में समुद्र 3,500 मीटर गहरा है। कहीं-कहीं तो गहराई इससे भी ज्यादा है। पानी की गहराई बढ़ने से अभियान की चुनौती भी बढ़ जाती है। बिष्ट ने कहा कि लापता लोगों के परिजनों को लगातार खोज अभियान की जानकारी दी जा रही है। उल्लेखनीय है कि 29 लोगों को लेकर चेन्नई से पोर्ट ब्लेयर जा रहा वायुसेना का विमान शुक्रवार को लापता हो गया था।
इस बीच, वायुसेना के अधिकारियों ने एएन-32 के लापता होने को लेकर तमिलनाडु पुलिस में औपचारिक रूप से शिकायत दर्ज करा दी है। यह शिकायत कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के लिए दर्ज कराई गई है। पिछले साल भी तटरक्षक बल के डोर्नियर विमान के लापता होने पर ऐसी शिकायत दर्ज कराई गई थी।
ओवैसी ने कश्मीर को लेकर केंद्र पर आरोपों की झड़ी लगाई
नहीं रहा 26/11 हमले के सुरक्षा ऑपरेशन में शामिल 'टाइगर', साथी डॉग गमगीन