उप मुख्यमंत्री ने बुरहान की मौत को बताया दुर्घटना, फिर बयान से पलटे
जम्मू-कश्मीर के उप मुख्यमंत्री निर्मल सिंह ने हिजबुल कमांडर बुरहान वानी के एनकाउंटर को को पहले एक्सिडेंट करार दिया और बाद में उन्होंने अपने बयान से पल्ला झाड़ लिया।
श्रीनगर (जेएनएन)। उप मुख्यमंत्री डॉ. निर्मल सिंह ने बुरहान की मौत को दुर्घटना करार देने के बयान से पल्ला झाड़ लिया है। डॉ. सिंह ने कहा कि उन्होंने इस प्रकार का कोई बयान नहीं दिया है। आतंकी, आतंकी होता है। अगर अन्य आतंकियों ने भी सरेंडर नहीं किया तो उनका भी यही अंजाम होगा।
इससे पहले निर्मल सिंह ने हिजबुल मुजाहिदीन के कमांडर बुरहान वानी की मौत को मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती की तर्ज पर एक दुर्घटना करार दिया था। उन्होंने कहा था कि अगर सुरक्षाबलों को इसकी जानकारी होती तो वे एहतियात बरतते। विपक्षी दलों कांग्रेस और पैंथर्स पार्टी ने उप मुख्यमंत्री के इस बयान की आलोचना की है। सुरक्षाबलों का मनोबल गिराने वाला बताया है।
पढ़ें- बुरहान को आवाम अपना आदर्श माने : गिलानी
डॉ. सिंह ने यह बयान कटड़ा में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान दिया। यह बात और है कि इससे पहले भाजपा का आतंकवाद पर पीडीपी से हमेशा अलग रुख रहा है, लेकिन बुरहान की मौत पर भाजपा ने भी पीडीपी के सुर में सुर मिलाया है। उप मुख्यमंत्री डॉ. निर्मल सिंह ने कहा कि सुरक्षाबलों को इसकी जानकारी नहीं थी कि मुठभेड़स्थल पर फंसे आतंकियों में बुरहान भी है। उन्होंने कहा कि जब ऑपरेशन चलाया जा रहा था तब यह बताया गया था कि तीन आतंकी छिपे हैं, लेकिन किसी को उनकी पहचान पता नहीं थी। हालांकि उप मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि अगर अन्य आतंकवादियों ने सरेंडर नहीं किया तो उनका भी यही अंजाम होगा और उनके खिलाफ चलाया जा रहा ऑपरेशन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि आतंकवादियों के खिलाफ निपटने का कोई और रास्ता नहीं है।
कश्मीर घाटी में बिगड़े हालात पर डॉ. सिंह ने कहा कि यह अचानक हुआ, लेकिन अब सुरक्षाबलों ने हालात पर पहले की अपेक्षा काफी नियंत्रण पा लिया है। उन्होंने कहा कि अगर पता होता कि बुरहान वानी की मौत हुई है तो पहले से ही एहतियात के कदम उठा लिए जाते।
पढ़ें- आतंकी बुरहान पर मुख्यमंत्री के बयान से भड़की कांग्रेस
उमर ने कसा तंज
पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने डॉ. निर्मल सिंह के बयान पर हैरानगी जताते हुए कहा कि यह अविश्वसनीय है कि बुरहान की मौत पर कितने बयान दिए जाएंगे। उमर ने अपने ट्वीट में लिखा, राज्य की मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने एक दिन पहले एनकाउंटर पर अपना बयान देते हुए यह कहा था कि सुरक्षाबलों को यह नहीं मालूम था कि घर में छिपे आतंकियों में बुरहान शामिल है। अब उपमुख्यमंत्री डॉ. निर्मल सिंह का इस एनकाउंटर को एक दुर्घटना बताना लोगों में असमंजस पैदा कर रहा है। वास्तविकता यह है कि इस दुर्घटना के कारण घाटी में पचास लोग मारे जा चुके हैं और हजारों घायल हो चुके हैं।