हनीमून मनाने पेरिस जाने से परहेज कर रहे भारतीय
देवोत्थान एकादशी के बाद से शादियों का दौर चल रहा है। वहीं आतंकी हमले के बाद से भारतीय नवविवाहित जोड़े हनीमून मनाने फ्रांस जाने से कतरा रहे हैं। फ्रांस ही क्यों उसके नजदीकी देश बेल्जियम भी नहीं जाना चाह रहे।
नेमिष हेमंत, नई दिल्ली। देवोत्थान एकादशी के बाद से शादियों का दौर चल रहा है। वहीं आतंकी हमले के बाद से भारतीय नवविवाहित जोड़े हनीमून मनाने फ्रांस जाने से कतरा रहे हैं। फ्रांस ही क्यों उसके नजदीकी देश बेल्जियम भी नहीं जाना चाह रहे।
भारतीय टूर ऑपरेटरों के पास ऐसे अनुरोधों की संख्या ज्यादा है, जिसमें उनसे पेरिस या ब्रसेल्स की जगह स्विट्जरलैंड या ऑस्ट्रेलिया में ही पूरा पैकेज देने की बात कही जा रही है। वैसे भी भारत सरकार ने आतंकी हमले के बाद फिलहाल भारतीयों को फ्रांस न जाने की सलाह दी है। इस वजह से भारतीय टूर ऑपरेटर थोड़ा मुश्किल में हैं।
पेरिस हमले के तत्काल बाद जहां कई लोगों ने यूरोप के टूर पैकेज बुकिंग को कैंसल कराया। वहीं, नए अनुरोधों से उन्हें पैकेज में बदलाव करना पड़ रहा है। इसमें होटल से लेकर परिवहन तक की तत्काल बुकिंग की समस्या आ रही है। हालांकि, इस कारण हनीमून या घूमने गए भारतीय पर्यटकों का टूर पैकेज का खर्च बढ़ गया है।
इंडियन एसोसिएशन ऑफ टूर आपरेटरर्स के अध्यक्ष सुभाष गोयल कहते हैं कि फिलहाल यह वक्त यूरोप घूमने का नहीं है। बिजनेस और हनीमून को लेकर पेरिस की काफी बुकिंग हुई थी, जिसमें से काफी कैंसल कराए गए। जो पर्यटक खासकर हनीमून मनाने यूरोप जा रहे हैं वे फ्रांस व ब्रसेल्स जाने से परहेज कर रहे हैं।
हालांकि, पेरिस हमले का असर भारत आने वाले पर्यटकों पर नहीं पड़ा है। शुरू के दिनों में टूर पैकेज निलंबित करने के झटकों के बाद अब फिर से फ्रांस समेत अन्य यूरोपीय देशों से पर्यटक भारत आने लगे हैं। इंडिया फूड टूर के राजीव गोयल कहते हैं कि पेरिस में आतंकी हमले के बाद उन्हें पुरानी दिल्ली में यूरोपीय देशों के पर्यटकों के दो टूर कैंसल करने पड़े।