नेताजी से जुड़े दस्तावेज हों सार्वजनिक : तारा गांधी
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रपौत्री तारा गांधी भट्टाचार्य ने भी नेताजी सुभाष चंद्र बोस से जुड़े दस्तावेजों को सार्वजनिक करने की मांग की है। वह सार्क सूफी संगीत कार्यक्रम में भाग लेने जयपुर आई हैं। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत में नेताजी के दस्तावेज संबंधी विवादों पर बयान दिया
जागरण संवाददाता, जयपुर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रपौत्री तारा गांधी भट्टाचार्य ने भी नेताजी सुभाष चंद्र बोस से जुड़े दस्तावेजों को सार्वजनिक करने की मांग की है। वह सार्क सूफी संगीत कार्यक्रम में भाग लेने जयपुर आई हैं। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत में नेताजी के दस्तावेज संबंधी विवादों पर बयान दिया है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार को नेताजी सुभाषचंद्र बोस की मौत और उनके जीवन संबंधी दस्तावेजों को उजागर करना चाहिए। भट्टाचार्य ने कहा कि यदि नेताजी का परिवार चाहता है तो उनसे जुड़े दस्तावेजों को केंद्र सरकार सार्वजनिक करना चाहिए। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार को ऐसा करना ही होगा। उन्होंने कहा कि सुभाष चंद्र बोस महात्मा गांधी के साथ रहे हैं। दोनों की सोच में भले ही अंतर रहा हो, लेकिन दोनों एक मंच पर अक्सर आसपास नजर आते थे।