आत्महत्या के बारे में सोच रहे थे डोपिंग में फंसे नरसिंह
डोपिंग में फंसे पहलवान नरसिंह यादव इन आरोपों से इतने आहत हुए कि वे आत्महत्या करने के बारे में बारे में सोच रहे थे।
सोनीपत। डोपिंग मामले में फंस चुके पहलवान नरसिंह यादव को इन आरोपों से इतना गहरा धक्का लगा कि वे आत्महत्या करने के बारे में बारे में सोच रहे थे।
नरसिंह यादव का चयन रियो ओलिंपिक के लिए भारतीय टीम में हुआ। पहले दो बार के ओलिंपिक पदक विजेता सुशील कुमार के साथ चयन को लेकर उनका लंबा विवाद चला था। सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले में नरसिंह के पक्ष में फैसला दिया था। इसके बाद कुछ दिनों पहले यह सनसनीखेज खबर सामने आई थी कि नरसिंह डोप टेस्ट में फेल हुए हैं।
नरसिंह को इस खबर से गहरा धक्का लगा था कि वे बदनामी के डर से आत्महत्या करने के बारे में सोच रहे थे। उनके एक साथी ने बताया कि इस बात की खबर मिलते ही कोच और वरिष्ठ साथियों ने उन्हें समझाया तब जाकर वे सामान्य हुए।
इस खबर के आने के बाद से नरसिंह की रियो की तैयारी पूरी तरह बंद हो चुकी है और वो अब राष्ट्रीय डोपिंग रोधी एजेंसी (नाडा) के फैसले का इंतजार कर रहे हैं। नाडा बुधवार को अपना फैसला सुना सकती है।