गोवा के टोलबूथ पर मारपीट में मंत्री का बेटा गिरफ्तार
महाराष्ट्र के राजस्व मंत्री नारायण राणे के बेटे नीतेश को मंगलवार को गोवा पुलिस ने टोल बूथ पर तोड़फोड़ और कर्मचारियों के साथ मारपीट करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। अक्सर विवादों में रहने वाले नीतेश एनजीओ स्वाभिमान संगठन के प्रमुख हैं।
पणजी। महाराष्ट्र के राजस्व मंत्री नारायण राणे के बेटे नीतेश को मंगलवार को गोवा पुलिस ने टोल बूथ पर तोड़फोड़ और कर्मचारियों के साथ मारपीट करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। अक्सर विवादों में रहने वाले नीतेश एनजीओ स्वाभिमान संगठन के प्रमुख हैं।
पुलिस के मुताबिक नीतेश अपने कुछ दोस्तों के साथ गोवा जा रहे थे। उनके साथ कारों का बड़ा काफिला था। गोवा-महाराष्ट्र सीमा पर राज्य लोक निर्माण विभाग के टोल बूथ के कर्मचारियों ने उनसे टोल टैक्स देने को कहा जो उन्हें नागवार गुजरा।
आरोप है कि इसके बाद काफिले में शामिल लोगों ने बूथ पर जमकर तोड़फोड़ करने के साथ ही कर्मचारियों को भी पीटा। सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई और नीतेश को कलंगुते में एक होटल से गिरफ्तार कर लिया।
राणे का परिवार ही इस होटल का संचालन करता है। नीतेश के साथ उनके साथियों को भी पुलिस अपने साथ ले आई। राणे के पकड़े जाने के बाद बड़ी संख्या में उनके समर्थक सीमा पर स्थित चेकपोस्ट और पर्नेम थाने में जमा हो गए।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर