नंद कुमार साय बने अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष
पदभार संभालते हुए साय ने कहा कि वह देश के दूरदराज के इलाकों में रह रहे जनजातीय लोगों के अधिकारों की रक्षा के लिए कार्य करेंगे।
नई दिल्ली, प्रेट्र । छत्तीसगढ़ में भाजपा के वरिष्ठ आदिवासी नेता और पूर्व सांसद नंद कुमार साय ने मंगलवार को अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष का पदभार संभाल लिया। 71 वर्षीय साय ने रामेश्वर ओरांव का स्थान लिया है। ओरांव का कार्यकाल 31 अक्टूबर को समाप्त हो गया था।
पदभार संभालते हुए साय ने कहा कि वह देश के दूरदराज के इलाकों में रह रहे जनजातीय लोगों के अधिकारों की रक्षा के लिए कार्य करेंगे। उन्होंने कहा, 'हमारे देश में बड़ी जनजातीय आबादी को अपने संविधान प्रदत्त अधिकारों के बारे में नहीं पता है। हम प्रयास करेंगे कि अनुसूचित जनजाति आयोग देश में इस वर्ग के सामाजिक-आर्थिक विकास का महत्वपूर्ण उपकरण बने।' आयोग के अध्यक्ष को केंद्रीय मंत्री का दर्जा प्राप्त है और इसका कार्यकाल तीन साल का होता है।
साय 1977, 1985 और 1998 में मध्य प्रदेश से विधायक रहे हैं। छत्तीसगढ़ के गठन के बाद 2000 में उन्होंने छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव जीता और राज्य विधानसभा में पहले नेता विपक्ष बने। इसके अतिरिक्त साय 1989, 1996 और 2004 में लोक सभा सांसद तथा 2009 और 2010 में राज्य सभा सदस्य भी रहे हैं।
पढ़ेंः नोटबंदी से भारत में नौकरियों व निवेश पर नहीं होगा असर