अब अाप 13 घंटे से भी कम समय में ट्रेन से पहुंच जाएंगे दिल्ली से मुंबई
मुंबई से दिल्ली के बीच स्पेनिश तकनीक से निर्मित हाई स्पीड टेल्गो ट्रेन चलाने की योजना अंतिम चरण में है। अगस्त के पहले सप्ताह में ट्रेन मुंबई से दिल्ली के बीच दौड़ने लगेगी।
नई दिल्ली। अगस्त के पहले सप्ताह में मुंबई से दिल्ली के बीच का सफर और छोटा हो सकता है। दोनों महानगरों के बीच का सफर 13 घंटे का हो सकता है। स्पेन की हाईस्पीड टेल्गो ट्रेन 1 अगस्त से 5 अगस्त के बीच मुंबई से दिल्ली के बीच अपने फाइनल ट्रायल के तहत तीन फेरे लगाएगी।
पश्चिम रेलवे के सूत्रों ने कहा कि यह ट्रेन एक अगस्त को शाम 7:55 बजे नई दिल्ली से मुंबई के लिए रवाना होगी। यह अपना पूरा सफर 130 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तय करेगी। पश्चिम रेलवे के सूत्रों के मुताबिक, 'टेल्गो अधिकारियों ने कहा कि इस स्पीड से ट्रेन 1,384 किलोमीटर की दूरी को 14 घंटे 5 मिनट में तय करेगी। फिलहाल राजधानी एक्सप्रेस 130 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से 16 घंटे में दिल्ली से मुंबई के बीच का सफर तय करती है।'
पढ़ेंः पूरे वजन के साथ 180 की रफ्तार से दौड़कर टैल्गो ने रचा इतिहास
इस टेस्ट ड्राइव के तहत ट्रेन 3 अगस्त को मुंबई से दिल्ली आएगी। पश्चिम रेलवे के सूत्रों के मुताबिक, 'ट्रेन मुंबई से सुबह तीन बजे रवाना होगी और इसका लक्ष्य शाम तक दिल्ली पहुंचना होगा। अपने आखिर राउंड में 5 अगस्त को यह ट्रेन 150 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से सफर तय करने की कोशिश करेगी। इस तरह ट्रेन के 12 घंटे 55 मिनट में मुंबई पहुंचने का अनुमान है।'
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि रेल मंत्री सुरेश प्रभु समेत सभी टॉप अधिकारियों को इस ट्रायल पर भरोसा है। इसकी सफलता के बाद ट्रेन को जल्द से जल्द सेवा में लेने पर विचार किया जाएगा। एक सीनियर रेलवे अधिकारी ने बताया, 'फिलहाल दिल्ली से आगरा के बीच चलने वाली गतिमान एक्सप्रेस 160 किमी प्रति घंटे की रफ्तार के साथ देश की सबसे तेज गति वाली ट्रेन है।
टेल्गो ट्रेन 180 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती है। फिलहाल हम मोड़ों पर टेल्गो की गति का परीक्षण कर रहे हैं। टेस्ट रन के दौरान हम मोड़ों पर टेल्गो की गति को बढ़ाने की कोशिश करेंगे।'
पढ़ेंः रचा इतिहासः मथुरा-पलवल के बीच 180 पर दौड़ी टैल्गो ट्रेन
नौ कोच वाले टेल्गो ट्रेन में 2 एक्जिक्यूटिव क्लास, चार बोगी कुर्सीयान, एक कैफेटेरिया, 1 इंजन अौर 1 कोच अंत में रहेगा। कुछ दिन पहले 180 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से मथुरा-पलवल के बीच ट्रेन की टेस्ट रन पूरा किया गया था।