छोटा सा मजाक पड़ा भारी, काटनी होगी तीन साल की सजा
सहार एयरपोर्ट पर ‘बम’ बोलने भर से हंगामा मच गया। विमान के उड़ान में एक घंटे की देरी हुई और युवती को गिरफ्तार कर लिया गया।
मुंबई (जेएनएन)। सहार एयरपोर्ट के टी2 पर गुरुवार को मुंबई निवासी एक युवती के एक छोटे से मजाक की वजह से हंगामा मच गया। उड़ान में तो एक घंटे की देरी हुई सो अलग।
युवती ने अपनी दोस्त के हैंडबैग के अंदर बम होने की बात बोल सिक्योरिटी को इसकी जांच के लिए बोल दिया। इस अजीब सी घटना के कारण दिल्ली जाने वाली एयर इंडिया की विमान एक घंटे से अधिक देर हो गयी और इस युवती को गिरफ्तार कर लिया गया। साथ ही दूसरे यात्रियों को परेशान करने और भय पैदा करने के कारण 3 साल के लिए जेल की सजा मिली। वह जमानत पर रिहा हो गयी है।
गुरुवार रात करीब 8 बजे एयर इंडिया विमान 101 के लिए तीन मित्रों के साथ 27 वर्षीय मॉडल कंचन ठाकुर कतार में थीं। पहले बोर्डिंग गेट से कंचन ने प्रवेश कर लिया और जब उनके दोस्त की बारी आयी तो वो सिक्योरिटी गार्ड की ओर मुड़ी ओर कहा ‘बम’। तुरंत ही अफरा-तफरी मच गयी। इस बीच सिक्योरिटी ने सीआइएसएफ और एयरपोर्ट अधिकारियों को बुला लिया। शुरुआती पूछताछ के बाद सीआइएसएफ ने एयर इंडिया से उन चार यात्रियों को यहीं छोड़ उड़ान भरने को कहा। अब ठाकुर ने अपनी चुप्पी तोड़ी और कहा कि यह सब मजाक था। सिक्योरिटी अधिकारियों के अड़े होने के कारण ठाकुर उनसे भी उलझ पड़ीं।
विमान से उनका सामान उतार अपने निश्चित समय से एक घंटे की देरी से रात 10 बजे विमान ने उड़ान भरी। ठाकुर समेत तीनों को शहर छोड़ने से मना कर दिया गया। पुलिस ने बताया, क्रोधित मॉडल सीआइएसएफ से उलझ पड़ी। मॉडल ने कहा कि जब वास्तव में आतंकी विमान में सवार हो जाते हैं तब वे कुछ नहीं करते और उसके एक छोट से मजाक पर इतना बवाल मचा दिया है।इसके बाद इन्हें सहर पुलिस स्टेशन ले जाया गया।
इंस्पेक्टर बीटी मुखेदकर ने बताया,’रात को ठाकुर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी गयी। उसने अपने दोस्तों से मजाक किया था जो गंभीर घटना हो गयी।‘एयर इंडिया के अधिकारियों ने कहा कि वे इन्हें सबक सिखाए बिना नहीं जाने देना चाहते हैं क्योंकि इनकी वजह से उन्हें काफी परेशानी उठानी पड़ी। पुलिस ने कहा कि इन सबों का कहना है कि वे किसी को नुकसान नहीं पहुंचाना चाहते थे। उन्हें नहीं लगा था कि यह मजाक इतना गंभीर बन जाएगा।
यह भी पढ़ें: भाजपा सांसद साक्षी महाराज को बम से उड़ाने की धमकी