दो साल तक शोषण का शिकार होती रहीं दिव्यांग लड़की और उसकी बहन
पड़ोसियों ने जब छोटी बच्चियों के घर से 55 वर्षीय रियल एस्टेट एजेंट को बाहर आते देखा तो उन्हें संदेह हुआ और तब एजेंट की गंदी करतूत का पता चला।
मुंबई। शारीरिक रूप से विकलांग 7 वर्षीय लड़की और उसकी 13 वर्षीय बहन को दो साल से परेशान कर रहे 55 वर्षीय रियल एस्टेट एजेंट को मुंबई क्राइम ब्रांच यूनिट-11 ने गिरफ्तार कर लिया।
पड़ोसी द्वारा देखे जाने के बाद वह फरार हो गया लेकिन क्राइम ब्रांच ने सेलफोन लोकेशन को ट्रैक कर उसे साकी नाका में ढूंढ निकाला। आगे की पूछताछ के लिए उसे मलवानी पुलिस को सौंप दिया गया है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि शकील अहमद शेख लड़कियों के माता पिता की अनुपस्थिति का फायदा उठा रहा था। लड़कियों के माता पिता पोलियो ग्रस्त बड़ी बेटी के इलाज के लिए अस्पताल में थे। शेख उसी कालोनी में रहता है। एक पड़ोसी ने उसे घर से निकलते देख छोटी लड़की से तुरंत सवाल कर दिया। जवाब में उसने भयानक सच्चाई बतायी कि वो और उसकी बहन दो साल से इसके चंगुल में फंसे हैं। इसके बाद स्थानीय लोगों ने मलवानी पुलिस स्टेशन में एजेंट के खिलाफ शिकायत दर्ज करायी।
क्राइम ब्रांच के सीनियर इंस्पेक्टर चिमाजी यादव ने कहा, ‘साकी नाका के दुर्गा मंदिर के पास से उसे गिरफ्तार कर लिया गया ओर मलवानी पुलिस को आगे की कार्रवाई के लिए सौंप दिया गया है। उन्हेांने पोस्को एक्ट व आइपीसी के विभिन्न धाराओं के तहत उसपर मुकदमा दर्ज किया है।‘
स्थानीय लोगों के अनुसार एजेंट ने पहले भी ऐसी करतूत की थी। उस वक्त उसे लोगों ने मार-पीटकर छोड़ दिया था।