दुनिया के भीड़भाड़ वाले शहरों में मुंबई और कोटा भी
ढाका का जनसंख्या घनत्व प्रति वर्ग किलोमीटर 44,500 है। यह दुनिया में सर्वाधिक भीड़भाड़ वाला शहर है।
नई दिल्ली, प्रेट्र। देश के दो शहर भी दुनिया के सर्वाधिक भीड़भाड़ वाले शहरों में शामिल हैं। मुंबई और कोटा को इस श्रेणी में माना गया है। ऐसे शहरों में बांग्लादेश की राजधानी ढाका शीर्ष पर है। वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम (डब्ल्यूईएफ) ने संयुक्त राष्ट्र हैबिटेट डाटा के आधार पर यह दावा किया है।
ढाका का जनसंख्या घनत्व प्रति वर्ग किलोमीटर 44,500 है। यह दुनिया में सर्वाधिक भीड़भाड़ वाला शहर है। इसके बाद भारत की आर्थिक राजधानी मुंबई का स्थान है। मुंबई में प्रति वर्ग किलोमीटर 31,700 लोग रहते हैं। प्रति वर्ग किलोमीटर 12,100 जनसंख्या घनत्व के साथ कोटा इस श्रेणी में सातवें स्थान पर है।
इस सूची में कोलंबिया का मेडेलिन तीसरे स्थान पर है। इस शहर का जनसंख्या घनत्व प्रति वर्ग किलोमीटर 19,700 है। फिलीपींस का मनीला (14,800) चौथे स्थान पर, मोरक्को का कैसाब्लैंका (14,200) पांचवें स्थान पर, नाइजीरिया का लागोस (13,300) छठे स्थान पर, सिंगापुर (10,200) आठवें और इंडोनेशिया का जकार्ता (9,600) नौवें स्थान पर है।
वर्तमान में दुनिया की आधी आबादी शहरों में रह रही है और संयुक्त राष्ट्र का मानना है कि 2050 तक 66 फीसदी आबादी शहरों में रहने लगेगी। शहरों की तरफ सबसे ज्यादा पलायन एशिया और अफ्रीका में होगा।
यह भी पढ़ें: सड़क पर बिखरी चांदी, बटोरने को जुट गई भीड़