Move to Jagran APP

कड़ाके की ठंड और कोहरे की चपेट में पूरा उत्‍तर भारत, यूपी में 16 की मौत

इन दिनों पूरा उत्‍तर भारत कड़ाके की ठंड और कोहरे की चपेट में है। इसकी वजह ट्रेनों व हवाई यातायात पर भी असर पड़ा है। वहीं यूपी में ही 16 लोगों की मौत ठंड से हो चुकी है।

By Kamal VermaEdited By: Published: Fri, 09 Dec 2016 09:00 AM (IST)Updated: Fri, 09 Dec 2016 09:50 AM (IST)
कड़ाके की ठंड और कोहरे की चपेट में पूरा उत्‍तर भारत, यूपी में 16 की मौत

नई दिल्ली (जेएनएन)। पूरा उत्तर भारत इन दिनों कड़ाके की ठंड की चपेट में है। दिल्ली समेत पूरे एनसीआर में शुक्रवार सुबह की शुरुआत ही जबरदस्त कोहरे से हुई। इसकी वजह से ऑफिस जाने वाले लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। वहीं कड़ाके की सर्दी से अकेले उत्तर प्रदेश में ही 16 लोगों के मरने की खबर है। वहीं कोहरे की वजह से ट्रेनें काफी देरी से चल रही हैं। कुछ ट्रेनों को रद भी करना पड़ा है। वहीं कई उड़ानों में भी देरी हुई है और कुछ को रद कर देना पड़ा है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले पांच दिनों तक इस तरह की ठंड बरकरार रहेगी।

loksabha election banner

कोहरे की चादर तनी

बीते सोमवार से शुरू हुए मौसमी उलटफेर के बाद पूरे उत्तर भारत में कोहरे के चादर तनी है। दोपहर में निकली हल्की धूप थोड़ी देर में ही दम तोड़ गई। लोग घरों में दुबक गए हैं। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में शीतलहर से बढ़ी ठिठुरन जानलेवा हो गई है। देश के तमाम राज्यों को जोड़ने वाला रेल व हवाई यातायात बुरी तरह से प्रभावित हुआ है। दृश्यता कम होने के चलते सड़कों पर वाहनों को रेंगकर गुजरना पड़ रहा है। बिहार व झारखंड में भी कोहरा कहर बरपा रहा है। बिहार में ठंड से तीन की मौत हो गई है।

उत्तर भारत में कोहरे ने थामी रफ्तार, देखें तस्वीरें

समय पर नहीं चल रहीं ट्रेनें

कोहरे के प्रकोप से रेलयात्रियों की परेशानी कुछ ज्यादा ही बढ़ गई है। राजधानी हो या शताब्दी या फिर दुरंतो कोई भी ट्रेन समय से नहीं चल रही है। कानपुर शताब्दी लगभग 11 घंटे की देरी से रात ढाई बजे और पटना शताब्दी पौने नौ घंटे की देरी से रात दो बजे रवाना हुई। कोहरे के कारण दिल्ली आने व यहां से जाने वाली नौ ट्रेनें रद करनी पड़ीं। गुरुवार को लगभग 100 ट्रेनें देरी से दिल्ली पहुंचीं और 48 के प्रस्थान समय में बदलाव करना पड़ा।

ठंड से हो रही मौत

उत्तर प्रदेश में ठिठुरन व गलन बढ़ गई है, स्कूली बच्चे परेशान हैं। राजधानी लखनऊ व आसपास के जिलों में कोहरे से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है। फैजाबाद, अंबेडकरनगर, सुलतानपुर, बाराबंकी, अमेठी, सीतापुर, लखीमपुर, गोंडा, बलरामपुर, बहराइच व श्रावस्ती में कोहरे के साथ शीतलहर तेज हो गई है। ठिठुरन व गलन में बढ़ोतरी हुई है। स्कूली बच्चों को ज्यादा दिक्कतें हुई। रायबरेली भी कड़ाके की ठंड से कांप रहा है। खीरों के देवन्ना गांव में अंकिता (9) की ठंड लगने से मौत हो गई। इस तरह से सूबे में कुल 16 लोगों की मौत ठंड लगने से हुई है। प्रतापगढ़ में रात के तापमान में 2.1 व दिन के तापमान में .9 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई।

हरियाणा में दृश्यता शून्य

हरियाणा में ठंड बढ़ने के साथ ही कोहरे ने भी प्रचंड रूप दिखाना शुरू कर दिया है। गुरुवार को घने कोहरे के कारण आम जनजीवन बुरी तरह से प्रभावित रहा। कोहरे ने रेल यातायात से लेकर सड़क मार्ग तक की रफ्तार रोक दी। सुबह के समय दृश्यता शून्य रही जिस कारण वाहन लाइट जलाकर रेंगते नजर आए। वहीं प्रदेश से होकर जाने वाली सभी ट्रेनें देरी से चल रही हैं।

ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हो सकती है बर्फबारी

हिमाचल प्रदेश के अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में शुक्रवार व शनिवार को बर्फबारी व बारिश होने की संभावना है। प्रदेश में कई दिनों से आसमान साफ था और दिनभर धूप खिल रही थी। इससे तापमान में काफी बढ़ोतरी दर्ज हुई थी। अब प्रदेश में पश्चिमी हवाएं सक्रिय हो गई हैं। इससे सर्द हवाएं चलने से तापमान में काफी गिरावट आ रही है। आने वाले दिनों में प्रदेश में तापमान में और कमी आने की संभावना है। इस दौरान आठ से 12 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से सर्द हवाएं चल सकती हैं। गुरुवार को प्रदेश में अधिकतम तापमान ऊना में 26.2 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान केलंग में माइनस 2.0 डिग्री सेल्सियस रहा।

श्रीनगर में गुजरी सर्दी की सबसे ठंडी रात

न्यूनतम तापमान के लगातार शून्य से नीचे रहने के कारण कश्मीर में रिकॉर्ड तोड़ ठंड पड़ रही है। गुरुवार को श्रीनगर में दिन का अधिकतम तापमान 10.4 और न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे -3.7 डिग्री सेल्सियस रिकॅार्ड किया गया जो मौजूदा सर्दियों में श्रीनगर में अभी तक का सबसे कम अधिकतम व न्यूनतम तापमान है। मौसम विभाग के अनुसार अगले चौबीस घंटों के दौरान वादी में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।

राष्ट्रीय खबरों को पढ़ने के लिए क्लिक करें


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.