केन-बेतवा नदी जोड़ विवाद को निपटाने के लिए एमपी और यूपी राजी
गडकरी की अध्यक्षता में सोमवार को हुई इस बैठक में दोनों राज्यों के मुख्यमंत्रियों और अफसरों की अक्टूबर महीने के पहले हफ्ते में एक और बैठक का फैसला लिया गया।
नई दिल्ली, जागरण ब्यूरो। केन-बेतवा नदी जोड़ विवाद को सुलझाने के लिए मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश फिलहाल राजी हो गए है। दोनों ही राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने केंद्रीय जल संसाधन मंत्री नितिन गडकरी की मौजूदगी में सभी विवादों को सकारात्मक तरीके से और एक-दूसरे राज्यों के हित को देखते हुए सुलझाने पर सहमति जताई है। साथ ही अपने-अपने अफसरों को तुरंत ही विवादों को बगैर किसी अड़ंगेबाजी के जल्द से जल्द सुलझाने के निर्देश दिए है।
केंद्रीय मंत्री गडकरी की अध्यक्षता में सोमवार को हुई इस बैठक में दोनों राज्यों के मुख्यमंत्रियों और अफसरों की अक्टूबर महीने के पहले हफ्ते में एक और बैठक का फैसला लिया गया। जिसमें सभी विवादों को हल करने के साथ ही नदी को जोड़ने का काम भी शुरु करने का फैसला लिया जाएगा। बैठक में केंद्रीय मंत्री गडकरी के अलावा मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी अपनी बात रखी।
गडकरी ने जहां विवाद पर सकारात्मक रुख रखते हुए परियोजना को जल्द चालू करने की बात कही। वहीं शिवराज सिंह चौहान ने इस प्रोजेक्ट के प्रभावित को तुरंत ही पुनर्वास शुरु करने की बात की। जो कुछ इस तरह होनी चाहिए, जिसमें विस्थापितों को पूरा न्याय मिल सके। जबकि उत्तर प्रदेश ने इस पूरी परियोजना को एतिहासिक बताते हुए इसे राष्ट्रीय परियोजना घोषित करने की मांग की।
सूत्रों की मानें तो अक्टूबर में होने वाली फाइनल बैठक से पहले दोनों राज्यों के बीच जल्द ही एक बैठक भी हो सकती है। केन-बेतवा नदी जोड़ परियोजना को लेकर विवाद उस समय खड़ा हो गया था, जब मध्य प्रदेश में पानी ही हिस्सेदारी को लेकर आपत्ति जताई। साथ ही पानी को लेकर और ज्यादा हिस्सेदारी देने की मांग की। जबकि उत्तर प्रदेश इसके लिए राजी नहीं था।