तीन वर्षों में सौ से ज्यादा नौकरशाहों ने की विदेश यात्रा
तीन वर्षों के दौरान केंद्र और राज्य सरकार से संबंधित सौ से ज्यादा नौकरशाहों ने अमेरिका, ब्राजील और मलेशिया की यात्रा की। वर्ष 2013 और 2015 के बीच परदेश भ्रमण करने वाले ऐसे अधिकारियों की सूची कार्मिक विभाग ने सार्वजनिक की है।
नई दिल्ली। पिछले तीन वर्षों के दौरान केंद्र और राज्य सरकार से संबंधित सौ से ज्यादा नौकरशाहों ने अमेरिका, ब्राजील और मलेशिया की यात्रा की। वर्ष 2013 और 2015 के बीच परदेश भ्रमण करने वाले ऐसे अधिकारियों की सूची कार्मिक विभाग ने सार्वजनिक की है।
ब्योरे के मुताबिक, सचिव और अवर सचिव स्तर सहित कुल 106 अधिकारियों ने 16 विदेश दौरे किए हैं। इनमें से सबसे ज्यादा 44 अधिकारियों ने पिछले वर्ष 8 विदेश यात्राएं कीं। इसी तरह 2014 और 2013 में 24 और 38 अधिकारियों ने क्रमशः तीन और पांच विदेश दौरे किए। इन अधिकारियों ने जिन देशों की यात्राएं की उनमें ब्रिटेन, सिंगापुर, बेल्जियम, कोरिया, अमेरिका, मलेशिया, कनाडा और ब्राजील शामिल हैं।
मजेदार है कि एक प्रतिनिधिमंडल में 22 अधिकारी शामिल थे। ऐसे मामले सामने आए हैं जिसमें एक ही अधिकारी एक से ज्यादा बार विदेश गए हैं। एक माह पहले वित्त मंत्रालय ने नौकरशाहों की एक वर्ष में अधिकतम चार विदेश यात्रा तय कर दी थी। इसके बाद विदेश यात्राओं का ब्योरा सार्वजनिक किया गया है।
कार्मिक मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, "यह अंतिम सूची नहीं है। अधिकारियों की संख्या और उनकी विदेश यात्रा की संख्या बढ़ सकती है।" लंदन में 23 नवंबर से 4 दिसंबर 2015 के बीच विधायी प्रारूपण के प्रशिक्षण पाठ्यक्रम में कई अधिकारियों ने हिस्सा लिया था। वहां भाग लेने पहुंचे 15 अधिकारियों में प्रधानमंत्री कार्यालय, कार्मिक, कानून, गृह मामलों, मानव संसाधन विकास मंत्रालय और तेलंगाना, हरियाणा और राजस्थान के अधिकारी शामिल थे।
इसी तरह पिछले वर्ष 23-27 नवंबर को सिंगापुर में सुशासन और लोक प्रशासन पर प्रशिक्षण कार्यक्रम में कैबिनेट सचिवालय, विदेश मंत्रालय और वित्त मंत्रालय के अलावा गुजरात, जम्मू एवं कश्मीर और उत्तर प्रदेश राज्य सरकारों के अधिकारियों ने भाग लिया था।