चलती बस में महिला होमगार्ड से छेड़छाड़, मामला दर्ज
महिलाओं के प्रति हो रहे अपराध पर रोकथाम के लिए पूरा देश उठ खड़ा हुआ, लेकिन राजधानी में ऐसी वारदात पर अभी तक अंकुश नहीं लग पाया है। ऐसे ही एक मामले में मधु विहार में डीटीसी की लो फ्लोर बस में एक व्यक्ति ने महिला होमगार्ड के साथ छेड़छाड़ कर दी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। अ
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। महिलाओं के प्रति हो रहे अपराध पर रोकथाम के लिए पूरा देश उठ खड़ा हुआ, लेकिन राजधानी में ऐसी वारदात पर अभी तक अंकुश नहीं लग पाया है।
ऐसे ही एक मामले में मधु विहार में डीटीसी की लो फ्लोर बस में एक व्यक्ति ने महिला होमगार्ड के साथ छेड़छाड़ कर दी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। आरोपी की पहचान 32 साल के रंजीत के रूप में हुई। जानकारी के अनुसार 25 साल की युवती मंडावली थाने में होमगार्ड है। बुधवार को वह थाने जाने के लिए आनंद विहार से महरौली के बीच चलने वाली रूट संख्या 534 की लो फ्लोर बस में सवार हुई। आइपी एक्सटेंशन में बाल्को अपार्टमेंट के पास पहुंचने पर बस में मौजूद एक युवक ने उसके साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी।
जब युवती ने विरोध किया तो आरोपी ने उसे बस से उठाकर ले जाने की धमकी दी। इसके बाद बस में मौजूद लोगों ने आरोपी को पकड़ कर धुनाई कर दी। जिससे उसके एक पैर की हड्डी टूट गई। मधु विहार थाना पुलिस ने आरोपी को लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल में भर्ती करवाया।
-मां-बेटी से दुष्कर्म के प्रयास में एक धरा
राजधानी के तीन अलग इलाकों में महिलाओं से छेड़छाड़ व दुष्कर्म के प्रयास के मामले सामने आए हैं। पहली घटना में प्रसाद नगर इलाके में मंगलवार रात एक व्यक्ति ने सड़क पर जा रही मां-बेटी से छेड़छाड़ की। राजकुमार नाम का आरोपी शराब के नशे में धुत्त था। शोर मचाने पर लोगों ने आरोपी को दबोच पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने उसके खिलाफ दुष्कर्म के प्रयास का मुकदमा दर्ज किया है। अन्य मामला तिलक मार्ग इलाके का है। वहां एक युवक को पड़ोसी से छेड़छाड़ के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। तीसरे मामले में सफदरजंग पुलिस ने महिला पर फब्तियां कसने पर सुलभ इंटरनेशनल के कर्मचारी को गिरफ्तार किया है। शौचालय आई एक महिला ने सुलभ कर्मी प्रेम सागर पर परेशान करने का आरोप लगाया था।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर