काशी बनेगा देश का आदर्श शहर : शाह
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने वादा किया कि विश्व की प्राचीन नगरी काशी देश का आदर्श शहर बनेगा। पांच साल में शहर का कायाकल्प हो जाएगा। यहां की आध्यात्मिक ऊंचाई को और बढ़ाने के साथ ही इसे ज्ञान का केंद्र बनाया जाएगा।
वाराणसी [जागरण संवाददाता]। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने वादा किया कि विश्व की प्राचीन नगरी काशी देश का आदर्श शहर बनेगा। पांच साल में शहर का कायाकल्प हो जाएगा। यहां की आध्यात्मिक ऊंचाई को और बढ़ाने के साथ ही इसे ज्ञान का केंद्र बनाया जाएगा।
काशी के विकास की नई योजनाओं का खाका खींचा जा रहा है। ऐतिहासिक धरोहरों के संवर्धन व संरक्षण के लिए जनता के सहयोग की भी जरूरत है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी यह बात यहां पर गंगा आरती के वक्त व स्वतंत्रता दिवस पर लाल किले से संबोधन के दौरान कही थी।
अमित शाह ने बुधवार को नरेंद्र मोदी के संसदीय कार्यालय के उद्घाटन समारोह में इन उम्मीदों से भरे सपने दिखाए। उन्होंने लोकसभा चुनाव की यादों का जिक्र करते हुए कहा कि जब उन्हें यूपी का प्रभारी बनाया गया तो नरेंद्र मोदी की जीत उनकी बड़ी जिम्मेदारी थी। जीत के बाद मोदी ने वड़ोदरा सीट को छोड़ बनारस को चुना तो सबसे अधिक आनंद मुझे मिला।
शाह ने कहा कि यह कार्यालय जनता के लिए खोला गया है। यहां से उनकी समस्याओं का निवारण मोदी करेंगे। खासकर गरीब और दबे-कुचले लोगों की शिकायतों को वरीयता दी जाएगी। हाईटेक सुविधा से युक्त कार्यालय जनता की शिकायतों के निस्तारण को गति देगा। यूं समझिए कि यह कार्यालय पीएम और जनता के बीच सेतु का काम करेगा।
मोदी का दिया अलग परिचय
शाह ने कार्यकर्ता संवाद के दौरान नरेंद्र मोदी का अलग परिचय दिया। कहा कि वे विकास से सीधा सरोकार रखते हैं। मोदी जब गुजरात के मुख्यमंत्री बने तो विधायक तो छोड़िए, किसी सरपंच के पद पर भी नहीं थे। इसी प्रकार जब मोदी प्रधानमंत्री बने तो इससे पहले सांसद भी नहीं थे।
इसके बाद भी संसदीय कार्य और केंद्र सरकार द्वारा लिये जा रहे निर्णय आने वाले दिनों में अच्छे दिन का एहसास कराएंगे। मोदी अपने निर्वाचन क्षेत्र का पूरा ख्याल रखते हैं। जब वे मणि नगर के विधायक हुए तो वहां की जनता को पता ही नहीं चला और विकास हो गया। पांच साल बाद विस क्षेत्र का तुलनात्मक अध्ययन किया गया तब जनता को पता चला कि वे विकसित क्षेत्र में रहते हैं। ऐसे ही काशी का विकास होगा।
स्वागत से गदगद थे अमित शाह
एयरपोर्ट से ही अमित शाह के स्वागत में हजारों भाजपाई जुट गए। सैकड़ों गाड़ियों का काफिला साथ चल रहा था। शहर के रवींद्रपुरी स्थित मोदी के संसदीय कार्यालय पहुंचने के दौरान 50 स्थानों पर जोरदार स्वागत किया गया। शाह ने कहा कि यहां भव्य स्वागत ने मोदी के प्रति जनता के प्रेम का एहसास करा दिया।
पढ़ें: काशी के घाट सुनाएंगे गंगा की गाथा
पढ़ें: उद्धार की बाट, काशी और घाट