हसरत ही रही मोदी की थ्री-डी सभाएं, अब 11 को उम्मीद
उत्तर प्रदेश के अलीगढ़, शाहजहांपुर, गाजियाबाद, बुलंदशहर, बिजनौर, मुजफ्फरनगर, जालौन, बागपत, गौतमबुद्धनगर, इलाहाबाद और आगरा में क्या गांव क्या शहर लोग प्रतीक्षा कर रहे थे। उनके लिए यह एक अलग अनुभव भी होता जब खुले आसमान के नीचे नरेंद्र मोदी की संबोधित करते हुए तस्वीर उभरती लेकिन ऐसा कुछ नहीं हो सका। आम आदमी और भा
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के अलीगढ़, शाहजहांपुर, गाजियाबाद, बुलंदशहर, बिजनौर, मुजफ्फरनगर, जालौन, बागपत, गौतमबुद्धनगर, इलाहाबाद और आगरा में क्या गांव क्या शहर लोग प्रतीक्षा कर रहे थे। उनके लिए यह एक अलग अनुभव भी होता जब खुले आसमान के नीचे नरेंद्र मोदी की संबोधित करते हुए तस्वीर उभरती लेकिन ऐसा कुछ नहीं हो सका। आम आदमी और भाजपा कार्यकर्ता सभी मायूस हो गए। थ्री-डी तकनीक से नरेंद्र मोदी का संबोधन सुनने की भाजपाइयों की हसरत पूरी नहीं हो सकी।
सूत्रों का कहना है कि स्थगित सभाएं प्रथम चरण का चुनाव प्रचार अभियान समाप्त होने के बाद होगी। दस अप्रैल को मतदान खत्म होने के बाद अब 11 अप्रैल को थ्री-डी सभाएं होने की संभावना है। उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश में 11 स्थानों पर मोदी की थ्री-डी सभाएं प्रस्तावित थीं, लेकिन तकनीकी खामियों के कारण समर्थकों को मायूसी हाथ ही लगी।
दरअसल, गुजरात विधानसभा चुनाव की तर्ज पर पहले यूपी के 15 जिलों में मोदी की थ्री-डी सभाएं होनी थी परंतु चार जिलों में रद की जा चुकी थी। सोमवार शाम चार बजे सभी जिलों में सभाएं टलने की जानकारी दी गई। भाजपा प्रवक्ता के मुताबिक सेटेलाइट लिंक में तकनीक बाधा आने से सभाएं स्थगित की गई हैं।