पानगड़िया को मिलेगा कैबिनेट मंत्री का दर्जा
एक सूत्र ने बताया कि सरकार पानगड़िया को कैबिनेट मंत्री जबकि दो अन्य सदस्यों को राज्य मंत्री का दर्जा देगी।
नई दिल्ली। सरकार ने नीति आयोग के उपाध्यक्ष अरविंद पानगड़िया को कैबिनेट मंत्री का दर्जा देने का फैसला किया है। एक सूत्र ने बताया कि सरकार पानगड़िया को कैबिनेट मंत्री जबकि दो अन्य सदस्यों को राज्य मंत्री का दर्जा देगी।
पदों के अनुक्रम के अनुसार नीति आयोग के उपाध्यक्ष का पद कैबिनेट मंत्री के बराबर रखा गया है। हालांकि, उपाध्यक्ष के वेतन और भत्ते कैबिनेट सचिव के स्तर के रखे गए हैं। दो अन्य सदस्यों बिबेक देबरॉय और वीके सारस्वत को राज्य मंत्री का दर्जा मिलेगा। उनका वेतन केंद्र सरकार के एक सचिव के बराबर है।
सूत्रों ने बताया कि पानगड़िया को मंत्रिमंडल की बैठक में भी आमंत्रित किया जाएगा। इसके लिए अलग से आदेश जारी होंगे। नीति आयोग की स्थापना एक जनवरी को योजना आयोग को खत्म कर उसके स्थान पर की गई थी।